टोक्यो। भारत के चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी ने इतिहास रचते हुए विश्व बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष युगल स्पर्धा का कांस्य पदक जीत लिया। यह पहली भारतीय पुरुष जोड़ी है, जिसने यह कारनामा किया है।
सात्विक-चिराग ने मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूल यिक की विश्व की छठे नंबर की जोड़ी को तीन गेमों तक छकाया। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 22-20 से जीतकर एकबारगी यह संकेत दिया कि यह और बड़ा इतिहास बनाने जा रही है।
दूसरे गेम में चिराग-सात्विक ने मलेशियाई जोड़ी का पसीना निकालकर रख दिया। हालांकि मलेशियाई जोड़ी यह गेम 21-18 से जीतने में कामयाब रही। तीसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी कारनामा दोहरा नहीं सकी और मलेशियाई युगल ने यह गेम 21-16 से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
चिराग-सात्विक के लिए यह ऐतिहासिक क्षण रहे। यह पहली भारतीय पुरुष जोड़ी है, जिसने विश्व चैंपियनशिप में पदक जीता है। इसके पहले 2011 में महिला युगल स्पर्धा में ज्वाला गट्टा और अश्वनी पोनप्पा की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता था।