होव। स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और यस्तिका भाटिया के अर्धशतकों की मदद से भारत की महिला टीम ने इंग्लैंड को रविवार को यहां शृंखला के पहले एक दिवसीय मैच में सात विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए सात विकेट पर 227 रन बनाए थे। भारत ने तीन विकेट खोकर 34 गेंद पहले लक्ष्य हासिल कर लिया। मंधाना ने 91 औऱ यस्तिका ने 50 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर ने 94 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से अविजित 74 रन बनाए। उन्होंने विजयी रन छक्के से बनाया। उनके साथ हरलीन देओल छह रन बनाकर नाबाद रहीं।

भारत को पहला झटका महज तीन रन के योग पर लगा, जब शेफाली वर्मा महज एक रन बनाकर केट क्रॉस की गेंद पर चार्ली डीन के हाथों कैच आउट हो गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और यस्तिका भाटिया ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। यस्तिका ने इस दौरान 46 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से अपने करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया। हालांकि वह अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गईं। यह विकेट चार्ली डीन को मिला। भारत के 100 रन 19वें ओवर में पूरे हुए।
स्मृति मंधाना ने 22वें ओवर में डीन की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपना 24वां अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 61 गेंदें खेलीं और आठ चौके लगाए। मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी 65 गेंदों पर पूरी हुई। 29 वें ओवर में भारत के 150 रन पूरे हो गए। स्मृति मंधाना काफी दुर्भाग्यशाली रहीं। हरमनप्रीत के साथ तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करने से महज एक रन से चूक गईं। इसके अलावा वह अपने छठे एक दिनी शतक से भी सिर्फ नौ रन दूर रह गईं। उन्हें 91 रन के निजी स्कोर पर क्रॉस ने रिचर्ड्स के हाथों कैच करा दिया। मंधाना ने अपनी पारी में 99 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाया। भारत के 200 रन 38वें ओवर में पूरे हुए। हरमनप्रीत ने अपना अर्धशतक 80 गेंदों पर चार चौकों की मदद से पूरा किया।
इसके पहले ऑलराउंडर एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स के अविजित अर्धशतक की बदौलत इंग्लैंड ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए आठ विकेट पर 227 रन बनाए।। भारत के लिए अपनी आखिरी एक दिवसीय सीरीज खेल रहीं वरिष्ठ गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने 10 ओवरों में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया।
इंग्लैंड की टीम एक समय 27 ओवरों में 94 रन पर पांच विकेट गंवाकर संकट में घिरती दिख रही थी। हालांकि इस दौरान डेनी वाएट ने एक छोर संभालते हुए इंग्लैंड को 100 रन के पार करा दिया। वाएट ने 50 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 43 रन बनाए। उनसे पहले सोफिया डंक्ले ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली थी। 128 रन पर वाएट के आउट होने के बाद रिचर्ड्सन ने दो महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं। पहले उन्होंने सोफी एक्लेस्टोन के साथ सातवें विकेट के लिए 50 रन जोड़े। सोफी 178 के स्कोर पर दीप्ति शर्मा की गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने चार चौकों की मदद से 31 रन बनाए। इसके बाद रिचर्ड्सन ने चार्ली डीन के साथ आठवें विकेट के लिए अविजित साझेदारी में 49 रन जोड़े। रिचर्ड्सन 61 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 60 और डीन 24 रन बनाकर अविजित रहीं। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने दो विकेट लिए।