लंदन। इस साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन खेलने से वंचित किए गए और फ्रेंच ओपन में राफेल नडाल के हाथों क्वार्टर फाइनल में पराजित सर्बिया के नोवाक जोकोविच साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विम्बलडन से पहले शारीरिक और मानसिक तौर पर तरोताजा होना चाहते हैं। इसके लिए वह कुछ दिनों तक टेनिस से ब्रेक ले सकते हैं।
दरअसल जोकोविच के लिए यह साल अबतक कुछ ठीक नहीं रहा है। मेड्रिड ओपन में स्पेनिश सनसनी कार्लोस अल्कारेज के हाथों पराजित हुए थे। इससे पहले उन्हें कोविड वैक्सीन नहीं लगवाने के कारण ऑस्ट्रेलियाई ओपन में खेलने से वंचित किया गया था। इसपर काफी विवाद भी हुआ था। अंततः जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया का वीजा नहीं मिला।
वर्ष 2022 की शुरुआत में दुनिया के तीन शीर्ष टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल 20-20 ग्रैंडस्लैम जीतकर बराबरी पर थे। जोकोविच को पूरी उम्मीद थी कि वह ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीतकर बाकी दोनों से एक कदम आगे निकल जाएंगे, पर उनकी सोच पर तकदीर भारी पड़ गई। ऑस्ट्रेलियाई ओपन से बाहर होने के बाद फ्रेंच ओपन में पराजय हाथ लगी। दूसरे दिग्गज रोजर फेडरर पिछले काफी समय से कोर्ट से बाहर हैं। 40 साल के हो चुके फेडरर के अब कोर्ट पर लौटने की उम्मीदें धूमिल होने लगी हैं।
स्पेन के राफेल नडाल के पास भी समान मौका था। ऑस्ट्रेलिया से जोकोविच के बाहर होने के बाद नडाल का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया था। नडाल ने इसका बखूबी फायदा भी उठाया और 21वां ग्रैंड स्लैम जीत लिया। अब फ्रेंच ओपन में नडाल के सामने जोकोविच भी थे। संयोगवश इन दोनों का आमना-सामना क्वार्टरफाइनल में ही हो गया। नडाल को रोलां गैरों की लाल बजरी का बादशाह कहा जाता है। उन्होंने इसे साबित भी किया और जोकोविच को हरा दिया।
फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में तकदीर पूरी तरह नडाल के साथ थी। मुकाबला जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव से था। टक्कर कांटे की थी। पहले सेट का फैसला टाई ब्रेकर से हुआ। दूसरा सेट भी टाईब्रेकर में पहुंचा, लेकिन तभी ज्वेरेव ने चोट के कारण मैच छोड़ दिया। फाइनल में नडाल का अपनी ही एकेडमी के किशोर छात्र कैस्पर रूड को ठहरने का मौका ही नहीं दिया। फाइनल जीतने के साथ ही नडाल ने ग्रैंडस्लैम खिताब की संख्या 22 कर ली।
इस बीच दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के कोच गोरान इवानिसेविच ने एक इंटरव्यू में कहा कि नोवाक के पास विम्बलडन जीतने का पूरा मौका है। वह ग्रास कोर्ट का माहिर खिलाड़ी है और ऑल इंग्लैंड क्लब में अबतक उसके छह खिताब हो चुकै हैं, जो उसने 2011, 2014, 2015, 2018, 2019, 2021 में जीते हैं।
Having lost to Nadal in the French Open quarterfinals, the Serb will be more motivated than ever to win his 21st Grand Slam title at the upcoming Wimbledon Championships. He has won Wimbledon six times before (2011, 2014, 2015, 2018, 2019, 2021).