न्यूयार्क। दूसरी वरीयता प्राप्त राफेल नडाल ने यूएस ओपन ग्रैंडस्लैम टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष एकल के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। आर्थर ऐश स्टेडियम में उन्होंने गुरुवार को इटली के फैबियो फोगनिनी को चार सेटों मे पराजित किया। दूसरी ओर विलियम्स बहनें वीनस और सेरेना महिला युगल में पराजित होकर बाहर हो गईं।
नडाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फोगनिनी ने उन्हें पहले सेट में 6-2 से मात दे दी। नडाल की सर्विस तोड़कर फोगनिनी ने जोरदार बढ़त हासिल कर ली। नडाल इससे थोड़े विचलित भी दिखे। हालांकि अगले तीन सेटों में उन्होंने अपना पूरा अनुभव झोंकते हुए प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया।
दूसरे सेट में हालांकि फोगनिनी ने थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन नडाल ने 6-4 से यह सेट जीतकर 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। अगले दोनों सेट नडाल ने 6-2, 6-1 से आसानी के साथ जीतकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
तकनीकी तौर पर भी नडाल अपने प्रतिद्वंद्वी पर भारी पड़े। फोगनिनी ने नौ डबल फॉल्ट किए, जबकि नडाल ने सिर्फ दो बार यह गलती की। नडाल ने चार “एस” शॉट लगाए, जबकि फोगनिनी एक बार ही ऐसा कर सके। फोगनिनी 10 में से छह ब्रेक प्वाइंट हासिल कर पाए, जबकि नडाल ने 14 में से नौ ब्रेकप्वाइंट हासिल किए।
दूसरी ओर चेक खिलाड़ी लिंडा नोस्कोवा और लूसी हार्डेका की जोड़ी ने अमेरिका की वीनस और सेरेना विलियम्स की जो़ड़ी को महिला युगल के पहले दौर में 7-6, 6-4 से हरा दिया। विलियम्स बहनों में सेरेना ने महिला एकल मुकाबलों में दो जीत हासिल कर ली है। उन्होंने एक दिन पहले ही विश्व की नंबर दो खिलाड़ी को हराया था। हालांकि युगल में वह कारनामा दोहरा नहीं सकीं।