टेनिस इतिहास के सबसे युवा विश्व नंबर एक खिलाड़ी भी बने
न्यूयार्क। तीसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के 19 वर्षीय कार्लोस अल्कराज ने यूएस ओपन के रूप में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। फाइनल में उन्होंने नॉर्वे के कैस्पर रूड को चार सेट तक चले मैच में हराया।
रविवार को खेले गए फाइनल में अल्कराज को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। उन्होंने यह मुकाबला 6-4, 2-6, 7-6 (7-1), 6-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अल्कराज दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने रूस के दानिल मेदवेदेव को हटाकर इस पदवी पर कब्जा किया है। अल्कराज राफेल नडाल के बाद सबसेकम उम्र में पहला पुरुष एकल ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए। साथ ही वह एटीपी रैंकिंग के पांच दशक के इतिहास में नंबर एक खिलाड़ी बनने वाले पहले किशोरवय खिलाड़ी भी बने।
कैस्पर रूड अगर जीतते तो वह दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन जाते। रूड का यह दूसरा ग्रैंडस्लैम फाइनल था और दोनों में उन्हें पराजय झेलनी पड़ी।
पहला ग्रैंडस्लैम जीतने के बाद अल्कराज दर्शक दीर्घा में बैठे अपनी टीम के सदस्यों के पास पहुंचे और उनके साथ नृत्य किया। इसके बाद वह कोर्ट में अपने स्थान पर आए और कुर्सी पर बैठकर रोने लगे। हालांकि आंखों से आंसू बहने के साथ ही उनके चेहरे पर विजयी मुस्कान भी झलक रही थी।