डबलिन। भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने सोमवार को पिछड़ने के बाद नीदरलैंड की टीम को पांच देशों की अंडर-23 हॉकी प्रतियोगिता में 2-2 की बराबरी पर रोकने में सफलता हासिल कर ली। भारत के लिए अनु और ब्यूटी डुंगडुंग और नीदरलैंड की ोर से एंबर ब्रॉवर और बेलेन वान डर ब्रोक ने गोल किए।
नीदरलैंड ने खेल की शुरुआत से ही भारतीय टीम पर दबाव बढ़ा दिया था। कुछ ही मिनटों में ताबड़तोड़ तीन पेनाल्टी कॉर्नर भारत के खिलाफ दिए गये। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने इन तीनों मौकों को बेकार कर दिया।
तीन मौके बेकार होने से बौखलाई डच टीम ने आक्रमण और तेज कर दिया। इसका लाभ उन्हें 13वें मिनट में मिला, जब एंबर ब्रॉवर ने भारतीय रक्षापंक्ति को भंग करते हुए पहला गोल दाग दिया। पहले क्वार्टर में बढ़त लेने के बाद दूसरे क्वार्टर की शुरुआत से बी नीदरलैंड ने दबाव बनाया। इसका तत्काल फायदा उन्हें मिला, जब 17वें मिनट में ब्रोक ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी।
दो गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पूरी ताकत झोंक दी। खेल के 19वें मिनट में टीम को इसका फायदा मिला, जब अनु ने गोल दागकर मुकाबला 1-2 पर पहुंचा दिया। तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रमण बनाए रखा। इसका लाभ 37वें मिनट में मिला, जब उपकप्तान ब्यूटी डुंगडुंग ने गोल दागकर टीम को बराबरी दिला दी।
चौथे क्वार्टर में नीदरलैंड की टीम को दो मौके मिले, पर भारतीय खिलाड़ियों के डिफेंस ने इन्हें नाकाम कर दिया। इसमें खेल के अंतिम समय में मिला एक पेनाल्टी कॉर्नर भी शामिल था।
फोटो- सौजन्य गूगल