बर्न। रोजर फेडरर निर्विवाद रूप से टेनिस के महानतम खिलाड़ियों में शुमार हैं। वह कोर्ट पर जिस समर्पण के साथ उतरते हैं, वह काबिलेतारीफ है। हालांकि इससे इतर वह एक बेहतरीन इंसान हैं और इस रूप में वह हमेशा याद किये जाएंगे।
यह बात लंबे समय से फेडरर के कोच सेवेरिन लूथी ने तब कही है, जब रोजर टेनिस को अलविदा कहने की घोषणा कर चुके हैं। फेडरर ने हाल ही में अपने ट्विटर पर कहा था कि लंदन में अगले सप्ताह लेवर कप उनका आखिरी एटीपी टूर्नामेंट होगा। इसके बाद वह कोर्ट में नहीं उतरेंगे।
लूथी ने कहा कि 20 ग्रैंडस्लैम जीत चुका यह खिलाड़ी वाकई एक बेहतरीन इंसान है और इसी रूप में वह कई लोगों को याद आएगा। कई बार खिताब जीतने से ज्यादा महत्वपूर्ण यह होता है कि आप कैसे व्यक्ति हैं। आपका व्यवहार दूसरे खिलाड़ियों के प्रति कैसा है। मैंने देखा है कि रोजर ने अपने पूरे करियर में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को भी काफी सम्मान दिया है।
मैंने कई बार फेडरर को ड्रेसिंग रूम में लोगों से मिलते देखा है। यह मायने नहीं रखता कि मिलने वाला कौन है। वह सबको समान रूप से सम्मान देता है। मैं यकीन से कह सकता हूं कि टेनिस में फेडरर की उपलब्धियां लंबे समय तक लोगों को याद रहेंगी। हालांकि इससे ऊपर वह एक बेहतर इंसान के रूप में याद किये जाएंगे। एक बात मैं और पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि कोर्ट से हटने के बावजूद फेडरर टेनिस से अपना नाता कभी नहीं तोड़ेंगे।