होबार्ट। कसी गेंदबाजी के बाद कुसल मेंडिस के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका ने आयरलैंड को नौ विकेट से हराकर टी-20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत की। आयरलैंड को 128 रन पर सीमित करने के बाद श्रीलंका ने 30 गेंदें शेष रहते एक विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मेंडिस ने 14वें ओवर में सिमी सिंह की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर श्रीलंका को जीत दिला दी।
मेंडिस ने 43 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए चरिता असलंका के साथ अविजित साझेदारी में 70 रन जो़ड़े। इसके लिए दोनों बल्लेबाजों ने 28 गेंदें खेलीं। असलंकादो चौकों की मदद से 31 रन बनाकर अविजित रहे। मेंडिस ने पहले विकेट के लिए धनंजय डीसिल्वा के साथ 63 रन जोड़े थे। डीसिल्वा 31 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका का एकमात्र विकेट लेग स्पिनर ग्रेथ डेनली ने लिया।
इसके पहले वानिंदु हसरंगा और महीश तीक्ष्णा के नेतृत्व में गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने विश्व कप के ग्रुप एक के अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड को आठ विकेट पर 128 रनों पर सीमित कर दिया। हसरंगा और तीक्ष्णा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो-दो सफलताएं हासिल कीं। आयरलैंड के लिए हैरी टैक्टर ने सबसे ज्यादा 45 और ओपनर पॉल स्टर्लिंग ने 34 रन की पारी खेली।
श्रीलंका की गेंदबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आयरिश बल्लेबाज 120 गेंदों में से सिर्फ 11 बार गेंद को सीमा रेखा से बाहर भेज सके। इनमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। इसके अलावा श्रीलंकाई गेंदबाजों ने 40 ऐसी गेंदें फेकीं, जिनपर कोई रन नहीं बना।
आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पांच ओवरों में 26 रन तक दो विकेट गिर गए थे। 55 रन पर आयरलैंड को सबसे बड़ा झटका फॉर्म में चल रहे पॉल स्टर्लिंग के रूप में लगा। स्टर्लिंग चार चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टैक्टर ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए, लेकिन इसके लिए उन्होंने 42 गेंदें खेलीं। छह बल्लेबाज दहाई की संख्या तक भी नहीं पहुंच सके। श्रीलंका के लिए बिनुरा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा, चमिका करुणारत्ने, और धनंजय डीसिल्वा ने एक-एक विकेट लिए।