ब्रिस्बेन। टी-20 विश्व कप के सुपर 12 में मंगलवार को ग्रुप एक में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड पर 20 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद इस ग्रुप में सेमीफाइनल की होड़ काफी रोचक हो गई है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान जोस बटलर की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 179 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन बना सकी।
इस मैच के बाद ग्रुप एक में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया पांच-पांच अंकों के साथ नेट रन रेट के आधार पर क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। अब इंग्लैंड को अपना अंतिम मैच श्रीलंका से, न्यूजीलैंड को आयरलैंड से और ऑस्ट्रेलिया को अफगानिस्तान से खेलना है। तीनों टीमें मैच जीतती हैं तो सबके बराबर सात-सात अंक हो जाएंगे। उस स्थिति में न्यूजीलैंड सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा, क्योंकि उसका नेट रन रेट अभी 2.233 है और इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए वहां तक पहुंचना मुश्किल लगता है। इंग्लैंड का नेट रन रेट 0.547 और ऑस्ट्रेलिया का -0.304 है। इन दोनों के बीच कांटे का मुकाबला है।
इस स्थिति के मद्देनजर ऑस्ट्रेलिया चाहेगा कि श्रीलंका इंग्लैंड को हरा दे, क्योंकि उस स्थिति में श्रीलंका के छह अंक हो जाएंगे और ब्रिटेन पांच अंकों के साथ पिछड़ जाएगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पास अफगानिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने का आसान मौका होगा। अगर इंग्लैंड को श्रीलंका हरा देता है और न्यूजीलैंड की टीम आयरलैंड से परास्त हो जाती है तो श्रीलंका छह अंक के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
बटलर ने खेली मैच जिताऊ पारी
जोस बटलर ने इंग्लैंड के लिए मंगलवार को इंग्लैंड के लिए मैच जिताऊ कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 47 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के की मदद से 73 रन बनाए। उन्होंने एलेक्स हेल्स के साथ पहले विकेट के लिए 61 गेंदों पर 81 रन की साझेदारी की। हेल्स 40 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा सिर्फ लियाम लिविंगस्टोन ही दहाई की संख्या (20 रन) तक पहुंच सके। न्यूजीलैंड के लिए लोकी फर्ग्युसन ने दो विकेट लिये। जवाब में ग्लेन फिलिप्स ने चार चौके और तीन छक्के की मदद से 62 और कप्तान केन विलियम्सन ने तीन चौके की मदद से 40 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स और सैम करेन ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं।