एडिलेड। उम्मीद के उलट इंग्लैंड ने टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल को पूरी तरह एकतरफा बनाते हुए भारत पर 10 विकेट से जीत हासिल कर ली। 168 रन के स्कोर का बचाव करते भारतीय गेंदबाज कभी भी नहीं दिखे। इंग्लैंड के ओपनरों जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने गेंदबाजों को काफी साधारण बना दिया। हर स्ट्रोक इतनी आसानी से खेल रहे थे, जैसे उनके सामने दुनिया की नंबर एक नहीं कोई नौसिखिया टीम खड़ी हो। इन दोनों बल्लेबाजों ने बिना आउट हुए रिकॉर्ड साझेदारी कर 24 गेंद पहले ही इंग्लैंड को जीत दिलाकर करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ दिया। भारतीय क्रिकेट प्रेमी इस शर्मनाक हार को कभी याद नहीं करना चाहेंगे। बटलर48 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्के की मदद से 74 और हेल्स 47 गेंदों पर चार चौके और सात छक्के की मदद से 86 रन बनाकर अविजित रहे। इंग्लैंड फाइनल में 13 नवंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा।

बटलर और हेल्स ने इंग्लैंड को काफी तेज शुरुआत दी। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और मोहम्मद शमी की गेंदों को खेलने में दोनों बल्लेबाजों को कोई परेशानी नहीं हुई। इंग्लैंड के 50 रन पांचवें ओवर में पूरे हो गए। बटलर और हेल्स के बीच अर्धशतकीय साझेदारी महज 29 गेंदों पर पूरी हुई। रोहित ने पावर प्ले में अक्षर पटेल से दो ओवर कराए, लेकिन वह खास प्रभावशाली नहीं साबित हुए। उन्होंने दो ओवरों में 19 रन दे दिए। पावर प्ले के छह ओवरों में इंग्लैंड का स्कोर बिना विकेट खोए 63 रन था।
हेल्स ने आठवें ओवर में अपना अर्धशकत पूरा किया। उन्होंने 28 गेंदों पर एक चौका और पांच छक्के लगाकर यह मुकाम हासिल किया। 10वें ओवर तक इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 98 रन बना लिए थे। 11वें ओवर में हार्दिक की पहली गेंद पर छक्का लगाकर हेल्स ने बटलर के साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली। बटलर ने 13वें ओवर में पांड्या की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक 36गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
इसके पहले भारत ने विराट कोहली और हार्दिक पांड्या के अर्धशतकों की बदौलत छह विकेट पर 168 रन बनाए अंतिम पांच ओवरों में 68 रन बने। इसमें हार्दिक पांड्या का दमदार अर्धशतक शामिल रहा। पांड्या ने 33 गेंदों पर चार चौके और पांच छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। वह अंतिम गेंद पर हिट विकेट आउट हुए।
इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए 160 रन का स्कोर सुरक्षित माना जाता है। 15 ओवरों में 100 रन ही बनने के बाद उस लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था। हर ओवर में 12 रन बनाने थे। 16वें ओवर में जॉर्डन की गेंदों पर 10 रन बने। 17वें ओवर में करेन की गेंदों पर 11 रन आए। 18पें ओवर में पांड्या ने जॉर्डन की पहली गेंद पर छक्का जड़कर चौथे विकेट के लिए विराट के साथ अर्धशतकीय पारी पूरी की और अगली गेंद पर फिर छक्का जड़ दिया। इसी ओवर में कोहली ने कवर से दो रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए 39 गेंदेंं खेलीं और चार चौके तथा एक छक्का लगाया। हालांकि अगली ही गेंद पर वह ऑफ स्ट्मप के बाहर की गेंद को थर्डमैन की ओर खेले के प्रयास में आदिल रशीद को कैच दे बैठे। इस ओवर में 15 रन बने। 19वें ओवर में सैम करेन की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर पांड्या ने स्कोर 150 के पार करा दिया। अंतिम गेंद पर भी चौका लगाकर पांड्या ने अपना अर्धशतक 29 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से पूरा कर लिया। करेन के इस ओवर में 20 रन आए।
अंतिम ओवर में पहली गेंदों पर दो रन बने। तीसरी गेंद विकेटकीपर के हाथ में गई और नॉन स्ट्राइकर छोर पर खड़े पांड्या दौड़ पड़े। ऋषभ पंत ने अपना विकेट देना मुफीद समझा और रन आउट हो गए। चौथी गेंद पर पांड्या का छक्का, पांचवीं गेंद पर चौका और अतिम गेंद पर वह हिट विकेट हो गए।
केएल राहुल और कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ी शुरुआत देने में विफल रहे। पारी के दूसरे ओवर में राहुल ने क्रिस वोक्स की ऑफ स्टम्प से बाहर उठती गेंद पर जबरदस्ती बल्ला अड़ाया और खामियाजा भुगता। पिछली दो लगातार पारियों में अर्धशतक लगाने के बाद राहुल से ऐसे शॉट की उम्मीद नहीं थी। वोक्स के दूसरे और पारी के चौथे ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने लांग ऑफ से छक्का लगाकर स्टेडियम की खामोशी तोड़ी। कोहली ने इसी के साथ टी-20 विश्व कप में 1100 रन भी पूरे कर लिये।
रोहित शर्मा ने कुछ अच्छे स्ट्रोक खेले, लेकिन रन गति नहीं बढ़ा सके। उन्होंने 28 गेंदों में चार चौकों की मदद से 27 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने अपने स्टाइल में शुरुआत की। उन्होंने 11वें ओवर में बेन स्टोक्स के ओवर में एक छक्का और एक चौका जड़ा। 12वें ओवर में आदिल रशीद ने उन्हें अपनी स्पिन के जाल में फंसा लिया और ऊंचा स्ट्रोक खेलकर सूर्या डीप प्वाइंट पर फिल सॉल्ट को कैच थमा बैठे। उन्होंने 14 रन बनाए। इसके बाद भारत की रन गति और धीमी हो गई। 15वें ओवर में लिविंग्स्टोन की आखिरी गेंद पर विराट ने चौका लगाकर भारत का स्कोर 100 रन पर पहुंचाया।