एडिलेड। भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की बुधवार को सांसें थम गई थीं। 184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेशी ओपनर लिटन दास के बल्ले से रन ऐसे बरस रहे थे, जैसे मानसून में बादल। सात ओवर में 66 रन बिना किसी नुकसान के दास के बल्ले से मुकाबले के लिए अचानक बादल आ गए। बारिश होने लगी। जब बादल थमे, तब खेल शुरू होने के बाद भारतीय गेंदबाज बरस गए। टी-20 विश्व कप के सुपर 12 में ग्रुप दो के इस बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को पांच रन से हराकर तालिका में छह अंकों के साथ फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

अंतिम 12 गेंदों पर बांग्लादेश को 31 रन बनाने थे। 15वें ओवर में पांड्या की पहली गेंद पर तासकिन ने चौका लगा दिया। अगली गेंद पर रनआउट का मौका था पर कार्तिक चूक गए। तीसरी गेंद पर तासकिन ने छक्का जड़ दिया। अंतिम ओवर में 20 रन की जरूरत थी। अर्शदीप की पहली गेंद पर एक रन बना। दूसरी गेंद पर नूरुल हसन ने छक्का लगा दिया। तीसरी गेंद पर रन नहीं बना। चौथी गेंद पर दो रन बने। दो गेंद और 11 रन। पांचवीं गेंद पर चौका लगा। एक गेंद सात रन। अंतिम गेंद पर एक रन बना और भारत पांच रन से जीत गया।
बारिश के बाद मैच 16 ओवर का कर दिया गया। अब बांग्लादेश को 54 गेंदों पर 85 रन जीतने के लिए बनाने थे। अश्विन ने गेंदबाजी शुरू की और लिटन दास दूसरा रन लेने के प्रयास में राहुल के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। 10वें ओवर में शमी ने पहली ही गेंद पर दूसरे ओपनर नजमुल शांतो को मिडऑन पर सूर्यकुमार के हाथों कैच करा दिया।
अंतिम 30 गेंदों पर बांग्लादेश को 52 रन बनाने थे। पहले ओवर में 12 रन दे चुके अर्शदीप को 12वां ओवर मिला और पहली ही गेंद पर उन्होंने अफीफ हुसैन को सूर्यकुमार के हाथों कैच करा दिया। बांग्लादेश के 100 रन इसी ओवर में पूरे हो गए। पांचवीं गेंद पर अर्शदीप ने बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन को स्क्वायरलेग बाउंड्री पर अतिरिक्त खिलाड़ी दीपक हुड्डा के हाथों कैच करा दिया। अब बांग्लादेश को 24 गेंदों पर 50 रन बनाने थे। 13वें ओवर में पांड्या की गेंद पर यासिर अली ने प्वाइंट पर अर्शदीप को कैच थमा दिया। हार्दिक ने 13वें ओवर में मुसद्देक को बोल्ड कर बांग्लादेश को संकट में डाल दिया।
बांग्लादेश को लिटन दास ने काफी तेज शुरुआत दी। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी की गेंदों पर उन्होंने पावर प्ले में बेहतरीन शॉट लगाए। पांचवें ओवर में ही उन्होंने अपना अर्धशतक सात चौके और तीन छक्के की मदद से महज 21 गेंदों पर पूरा कर लिया। सातवें ओवर में बांग्लादेश का स्कोर बिना विकेट खोए 66 रन था। तभी तेज बारिश शुरू हो गई और खेल रोकना पड़ा। भुवनेश्वर ने तीन ओवरों में 29, अर्शदीप ने एक ओवर में 12 और शमी ने दो ओवरों में 21 रन दिए थे। इस समय डकवर्थ लुइस नियम के मुताबिक बांग्लादेश का स्कोर भारत के मुकाबले 17 रन ज्यादा था।
भारत की पारी में डेथ ओवरों की शुरुआत तक चार विकेट गुर चुके थे। एक छोर से कोहली रन बनाने में जुटे रहे। 16वें ओवर में हसन महमूद ने दो गेंदें बाउंसर फेकीं। दूसरी नोबॉल दी गयी, लेकिन दिनेश कार्तिक फ्री हिट का लाभ नहीं उठा पाए। कोहली ने अपना अर्धशतक 37 गेंदों पर पूरा किया, जिसमें सात चौके शामिल थे। 17वें ओवर में अनावश्यक रन लेने गए दिनेश कार्तिक रन आउट हो गए। तब स्कोर 150 रन था। 18वें ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल भी आउट हो गए। अंतिम ओवर की पहली दो गेंदों पर अश्विन ने छक्का और चौका लगाकर स्कोर 180 तक पहुंचा दिया। कोहली 44 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाकर अविजित रहे। बांग्लादेश की ओर से हसन ने तीन विकेट लिए।
रोहित शर्मा एक बार फिर असफल रहे। उन्हें तीसरे ओवर में ही जीवनदान मिला, जब तास्किन की गेंद पर हसन महमूद ने डीप स्क्वायरलेग पर उनका कैच गिरा दिया। रोहित दो रन पर थे। अगले ही ओवर में गेंदबाजी करने आए हसन ने दूसरी ही गेंद पर रोहित को प्वाइंट पर कैच करा दिया। सर्द मौसम में बांग्लादेशी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों की खासा परीक्षा ली। खासकर तासकिन अहमद के पहले दो ओवरों में सिर्फ दो रन ही बन सके।
शुरुआती दिक्कतों के बाद आखिर राहुल फॉर्म में लौटे और कुछ अच्छे स्ट्रोक खेले। इस बीच कोहली ने तासकिन के चौथे ओवर में एक रन लेकर टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के श्रीलंका के माहेला जयवर्धने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। तासकिन ने चार ओवर मे 15 रन दिए। भारत के 50 रन आठवें ओवर में पूरे हुए। नवें ओवर में शरफुल इस्लाम की गेंद पर छक्का लगाकर राहुल ने विराट के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। 10वें ओवर में शाकिब की पहली गेंद पर दो रन लेकर राहुल ने अपना अर्धशतक 31 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से पूरा कर लिया। हालांकि अगली ही गेंद पर वह शॉर्ट फाइनलेग पर मुस्ताफिजुर को कैच दे बैठे। 10वें ओवर में भारत का स्कोर दो विकेट पर 86 रन था। 12वें ओवर में भारत के 100 रन पूरे हो गए। सूर्यकुमार यादव 30 रन बनाकर आउट हो गए।