डबलिन। चार देशों के पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2022 में भारत की मनदीप कौर और नित्या श्री ने स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके साथ ही भारतीय दल ने कुल 11 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें चार रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।
मनदीप कौर ने फाइनल में यूक्रेन की ओसाना कोजिना को 21-18, 21-18 से पराजित किया। उन्होंने एक स्वर्ण के अलावा अन्य स्पर्धाओं में तीन रजत पदक भी जीते हैं। उन्होंने चिराग बरेठा के साथ मिश्रित युगल में रजत पदक जीता।
दूसरी ओर नित्या श्री ने एकल फाइनल में इंग्लैंड की राखेल कूंग को 21-14, 18-21, 21-17 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। दूसरी ओर टोक्यो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत को एकल फाइनल में इंग्लैंड के डेनियल बेथेल के हाथों पराजय के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।