स्टैवेंजर (नॉर्वे)। भारतीय ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने विश्व चैंपियन और दुनिया के नंबर एक मैग्नस कार्लसन को नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में सोमवार को सडनडेथ में मात देकर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। दोनों के बीच 40 चालों के बाद ड्रॉ होने के बाद सडनडेथ का सहारा लिया गया।
क्लासिकल सेक्शन में आनंद ने काफी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। ड्रॉ के बाद 52 वर्षीय आनंद ने आर्मागेडन (सडनडेथ) में गजब का खेल दिखाते हुए 50वीं चाल के बाद कार्लसन को मात दे दी। आनंद ने ब्लिट्ज सेक्शन में भी कार्लसन को पराजित किया था।
आनंद इस टूर्नामेंट में अब 10 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। कार्लसन 9.5 अंक लेकर दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिका के वेस्ली सो और अजरबैजान के शेखरियार मामेदयारोव 8.5 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।
आनंद ने टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार तीन जीतों के साथ की थी। उन्होंने फ्रांस के मैक्सिम वेचियर-लागरेव, बल्गारिया के वेसलिन टोपालोव और चीन के हाओ वांग को पराजित किया था। हालांकि चौथे दौर में उन्हें अमेरिका के वेस्ली ने मात दे दी थी। आनंद इसके बावजूद कार्लसन के साथ संयुक्त शीर्ष स्थान पर रहे। अभी इस सेक्शन में चार और चक्र होने हैं।
फोटो- सौजन्य गूगल