स्टावेंजर (नॉर्वे)। भारतीय ग्रैंड मास्टर विश्वनाथन आनंद नॉर्वे चेस टूर्नामेंट के आठवें चक्र में अजरबैजान के शेखरियार मामेदयारोव के हाथों पराजित होकर तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। एक गलती के चलते आनंद को मामेदयारोव के खिलाफ 22वीं चाल के बाद मात स्वीकार करनी पड़ी।
इस टूर्नामेंट में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन को दो बार हराने वाले आनंद एक समय एकल बढ़त बना चुके थे, लेकिन लगातार दो पराजयों ने उन्हें तीसरे स्थान पर धकेल दिया। आनंद के इस समय 13 अंक हैं। कार्लसन 15 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि मामेदयारोव 14.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
दूसरी ओर कार्लसन ने नवें दौर में फ्रांस के मैक्सिम वेचियर-लागरेव को मात देकर शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। कार्लसन को लागरेव के खिलाफ जीत के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। 79 चालों के बाद मुकाबला ड्रॉ होने के बाद सडनडेथ का सहारा लिया गया। इसमें भी कार्लसन को 54 चालों के बाद ही जीत हासिल हो सकी।
टूर्नामेंट का नवां और आखिरी राउंड भारतीय समयानुसार शुक्रवार की देर रात खेला जाएगा।