पेरिस। दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार को रोलां गैरों पर इतिहास रचते हुए 14वीं बार लाल बजरी पर खिताब जीत लिया। फाइनल में उन्होंने नॉर्वे के कैस्पर रूड को एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-3, 6-0 से हरा दिया। यह नडाल का कुल 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब रहा।
नडाल इस जीत के साथ ही सबसे ज्यादा उम्र में फ्रेंच ओपन खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने शुक्रवार को 35वां जन्मदिन मनाया था। इसके 50 साल पहले उनके ही देश स्पेन के एंड्रेस जिमेनो ने 34 साल की उम्र में यह ट्रॉफी जीती थी।
नडाल ने फाइनल मैच में रूड को कभी भी अपने सामने टिकने नहीं दिया। 20 साल के रूड स्पेन में नडाल की ही टेनिस एकेडमी के प्रशिक्षु हैं। हालांकि रूड ने नडाल की कुछ सर्विस तोड़ीं, लेकिन वह प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाए।
पहले सेट में रूड अपने गुरु नडाल के सामने कोई प्रतिरोध नहीं कर सके। हालांकि चौथे गेम में उन्होंने नडाल की सर्विस तोड़ी पर नडाल ने इसके बाद रूड को कोई मौका नहीं दिया और 6-3 से पहला सेट अपने नाम कर लिया। यह सेट 51 मिनट चला।
दूसरे सेट में रूड ने नडाल की सर्विस तोड़ते हुए एक समय 3-1 की बढ़त हासिल कर ली, लेकिन नडाल फिर फार्म में आए और रूड की दो सर्विस तोड़कर आठवें गेम में अपनी सर्विस पर 5-3 से बढ़त बना ली। नवें गेम में नडाल ने फिर रूड की सर्विस तोड़कर 51 मिनट में ही 6-3 से सेट हासिल कर लिया।
तीसरे सेट में नडाल पूरी तरह हावी रहे। पहले पांच गेम में उन्होंने दो बार रूड की सर्विस तोड़ी और अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 5-0 की बढ़त ले ली थी। छठे गेम में फिर उन्होंने रूड की सर्विस तोड़ी और महज 40 मिनट में 6-0 से सेट और मैच अपने नाम कर लिया।
फोटो- सौजन्य गूगल