वाराणसी। 21वीं सदीं में भारत ज्ञान के साथ विश्व गुरु के रूप में उभरेगा और पूरे विश्व को सुख, समाधान और शांति का मार्ग दिखाएगा। स्वामी विवेकानंद की इस भविष्यवाणी को पूरा करने के लिए एमआईटी वर्ल्ड पीस युनिवर्सिटी, पुणे, भारत द्वारा 9 से 11 फरवरी तक श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर में विज्ञान, धर्म/अध्यात्म और दर्शन की 9वीं संसद का आयोजन किया गया है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से पुनर्निर्मित श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर धाम सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बना हुआ है। इसी प्रेरणा के तहत पुणे की एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी की ओर से वैश्विक संसद का आयोजन किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि विश्व शांति को बढावा देने और मानवता के प्रसार के लिए एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी कई गतिविधियां अनेक वर्षों से कर रहा है। उन्हीं मे से एक बनारस में नियोजित विश्व सम्मेलन है। हमें विश्वास है कि इस सम्मेलन के माध्यम से विद्वान शहर से उपरोक्त गतिविधियों की मान्यता पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत की जाएगी।
इस सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर 10 सत्रों का आयोजन किया गया है। इनमें विश्व शांति के लिए आध्यात्मिक शास्त्र, अद्वैत की अवधारणा, ज्ञान तीर्थ, सभी धर्मग्रंथ सच्चे अर्थ में जीवन ग्रंथ, विज्ञान और अध्यात्म के सामंजस्य, सर्वांगीण शाश्वत विकास, मन का विज्ञान, पदार्थ की प्रकृति, आत्मा, आत्मा और चेतना, परम सत्य, परम वास्तविकता आदि विषयों पर भारत तथा विभिन्न देशों के दार्शनिक, वैज्ञानिक बुद्धिजीवी, पर्यावरणविद आने ज्ञान आधारित अनुभवजन्य विचार प्रस्तुत करेंगे।
प्रसिद्ध दार्शनिक और विचारक डॉ. करण सिंह, केरल राज्य के राज्यपाल डॉ. आरिफ मोहम्मद खान, विश्व प्रसिद्ध कंप्यूटर विशेषज्ञ डॉ. विजय भटकर, उत्तरप्रदेश के आयुष राज्य मंत्री दया शंकर मिश्र, प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. किरण कुमार, चाणक्य मंडल के अध्यक्ष डॉ. अविनाश धर्माधिकारी, नॅक के अध्यक्ष डॉ. भूषण पटवर्धन, दार्शनिक डॉ. बसंत गुप्ता, बिहार के पूर्व पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार, प्रसिद्ध चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. दीपक रानडे, महान विचारक हरि राम त्रिपाठी, डॉ. रामविलास वेदांती, श्री.जितेंद्रसिंह गायकवाड, आचार्य लोकेश मुनी, स्वामी चिदानंद सरस्वती, श्री. फिरोज बख्त अहमद, आर्क बिशप फेलिक्स मचाडो, डॉ. एडिसन सामराज, डॉ. एलेक्स हैंकी, आनंदी रविनाथन, डॉ. हिरू सायोंजी, डॉ. राजीव मेहरोत्रा शामिल होंगे।