वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गुरुवार को प्रथम कुलपति एवं काशी के प्रथम भारतरत्न डॉ. भगवान दास एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। डॉ. भगवान दास का 154 वां जन्म दिवस पूरा देश मना रहा है।
डॉ. भगवानदास शाह परिवार से तालुकात रखते थे। उन्हें शिक्षा, खास करके स्त्री शिक्षा में योगदान के लिए जाना जाता है। एनी बेसेंट के साथ मिलकर उन्होंने बहुत कार्य किया तथा आगे चलकर सेंट्रल हिंदू कॉलेज की स्थापना की, जो आज सेंट्रल हिंदू स्कूल के नाम से जाना जाता है। इसके अतिरिक्त काशी विद्यापीठ कैंपस में आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती भी बड़े हर्ष और उल्लास से मनाई गई, जिसमें कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने शिक्षक एवं अधिकारियों के साथ मिलकर दोनों महान विभूति को माल्यार्पण किया तथा विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के बैनर तले राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा निकाली। इसमें विश्वविद्यालय के अध्यापक भी शामिल रहे।
बदलते भारत में स्वामी विवेकानंद जी का दृष्टि दर्शन विषय नामक संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें प्रो. अनुराग कुमार, डॉ. नागेंद्र सिंह ने विचार रखे। दोनों महापुरुषों की जयंती पर कुलपति ने कहा कि डॉ. भगवानदास एवं स्वामी विवेकानंद जी का जीवन त्याग एवं बलिदान का रहा है, जो हमें अंधविश्वास की दुनिया को छोड़कर तर्क की दुनिया की ओर ले जाता है। जब कभी आवश्यकता पड़ती है तो उनके द्वारा दिए गए विचार हमें आगे बढ़ने में हमेशा सहायता करते हैं। गांधी जी, शास्त्री जी, डॉ. भगवान दास तथा स्वामी विवेकानंद लाखों भारतीयों के लिए हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहे हैं और आगे भी मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
शिक्षाशास्त्र संकाय में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों पर एक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, डॉ. ज्योत्सना राय ने विचार रखे। छात्र कल्याण संकाय में संकाय अध्यक्ष तथा सहायक संकाय अध्यक्षों द्वारा स्वामी विवेकानंद, डॉ. भगवान दास के व्यक्तित्व पर गहन चर्चा की गई। अध्यापकों ने अपने अपने विचार आज की प्रासंगिकता के हिसाब से रखें।
केंद्रीय कार्यालय स्थित महान विभूतियों के चित्रो पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. केके सिंह, कुलानुशासक प्रो. अमिता सिंह, पीआरओ डॉ. नवरत्न सिंह, संकाय अध्यक्ष शिक्षाशास्त्र संकाय प्रो. सुशील कुमार गौतम, संपत्ति अधिकारी डॉ. सूर्यनाथ सिंह, मुख्य ग्रहपति प्रो. राजेश कुमार मिश्र, डॉ. रमेश सिंह, डॉ. मुकेश कुमार पंथ,डॉ. दुर्गेश उपाध्याय, प्रो. रश्मि सिंह, प्रो. संजय, संकाय अध्यक्ष विधि संकाय प्रो. रंजन कुमार तथा एक्टिविटी क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे।