मुंबई। दो अंकों के लिए अबतक जूझ रही मुंबई इंडियंस की चेन्नई के खिलाफ पारी में गुरुवार को क्रिकेट का हर रोमांच देखने को मिला। करीब आधा दर्जन कैच चेन्नई के खिलाड़ियों ने छोड़े। दिग्गज बल्लेबाज सस्ते में चलते बने और अंततः मुंबई की टीम 20 ओवरों में 155 रन बनाने में सफल रही। इसमें बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा का अर्धशतकीय योगदान रहा।
पहले ही ओवर में मुकेश चौधरी ने रोहत शर्मा और इशान किशन को पैवेलियन का रास्ता दिखाया। ये दोनों खाता भी नहीं खोल सके। चौधरी ने अगले ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर मुंबई को गहरे संकट में डाल दिया। इसी बीच रवींद्र जडेजा और ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ियों ने तीन कैच छोड़े। बाद के ओवरों में चेन्नैई के खिलाड़ियों ने दो और केच छोड़े। इस बीच मुंबई की पारी बढ़ती रही। तिलक वर्मा ने 43 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 51 रन बनाए।
आईपीएल में अबतक प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन जिस तरह का रहा है, वह निराशाजनक है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी में वह जज्बा गायब है, जिसने इस टीम को चैंपियन बनाया था। खुद रोहित बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके हैं। टीम के एक अन्य प्रमुख खिलाड़ी और चेन्नई के नए कप्तान रवींद्र जडेजा भी चमक नहीं दिखा सके हैं। बेंगलुरु की टीम भले ही अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है, लेकिन भारतीय टीम और बेंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी यहां निराश करते आए हैं। टीम की सफलता के साथ ही खिलाड़ियों की व्यक्तिगत सफलता का भी काफी महत्व होता है। ये अहम खिलाड़ी अगर लगातार असफल रहे तो उनपर मानसिक दबाव बढ़ सकता है। हालांकि टी-20 विश्वकप में अभी समय है और उम्मीद की जाती है कि तबतक ये खिलाड़ी अपनी पुरानी फॉर्म में लौट चुके होंगे।