चेन्नई। शतरंज की अंतरराष्ट्रीय नियंत्रण संस्था फिडे की ओर से आयोजित होने वाले शतरंज ओलंपियाड के इतिहास में पहली बार ओलंपिक की तर्ज पर मशाल रैली निकाली जाएगी। ओलंपियाड 28 जुलाई से 10 अगस्त के बीच यहां होगा।
फिडे के अधिकारियों ने कहा कि मशाल रैली अब ओलंपियाड का अभिन्न हिस्सा बनेगी। इसकी शुरुआत हर साल भारत से ही की जाएगी। यह विभिन्न देशों से होकर मेजबान शहर तक पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि शतरंज की शुरुआत भारत में ही हुई थी। हालांकि समय की कमी के चलते इस साल यह रैली सिर्फ भारत में ही भ्रमण करेगी। इसमें भारत के महान खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद भी शामिल होंगे।
फिडे के अध्यक्ष आर्कडी वोर्कोविच ने कहा कि शतरंज में यह पहल इस खेल को लोकप्रिय बनाने में मदद करेगी और दुनियाभर में फैले इस खेल के प्रशंसकों को एकजुट करने में भी मददगार होगी। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से ओलंपियाड की मशाल उन सभी देशों में जाएगी, जो फिडे के सदस्य हैं। अंत में यह उस देश और शहर में पहुंचेगी, जहां ओलंपियाड का आयोजन होगा।
इस बीच ओलंपियाड के इवेंट डायरेक्टर भरत सिंह चौहान ने कहा कि मशाल रैली की तिथियां और रास्ते सरकार, फिडे तथा अन्य सदस्यों से विमर्श के बाद घोषित किये जाएंगे। दूसरी ओर आनंद ने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि वे इस मशाल रैली का अपने शहर में स्वागत करें और इससे जुड़ें। शतरंज ओलंपियाड के पुरुष और महिला वर्ग में 187 देशों की 343 टीमों के हिस्सा लेने की उम्मी है।
फोटो- सौजन्य गूगल