वाराणसी। गांधी हमारे समय की आवश्यकता भी हैं और भविष्य की योजना के आवश्यक विचार भी। इसी विचार को केंद्र में रखकर गांधी जयंती की पूर्व- संध्या पर शनिवार को ‘क’ कला दीर्घा, लंका में दो सत्र का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में प्राथमिक स्कूलों के छात्रों द्वारा गांधी-केंद्रित चित्रकला का प्रदर्शन किया गया और दूसरे सत्र में गांधी केंद्रित कविताओं का पाठ किया गया। चित्रकला के माध्यम से बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष और उनके महात्म्य का भावपूर्ण चित्रण किया।
कविता सत्र में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रो. विवेक ने हरिवंश राय बच्चन तथा रामधारी सिंह दिनकर रचित कविताओं का पाठ किया। लोकभाषा के मशहूर कवि कैलाश गौतम की कविताओं का पाठ युवा कवि विहाग वैभव ने किया। हिन्दी विभाग बीएचयू के वरिष्ठ प्रोफेसर सदानंद शाही ने स्वरचित कविताओं का प्रभावी पाठ किया। आलोचक और वक्ता की भूमिका में मशहूर प्रो. अवधेश प्रधान ने अध्यक्षीय कविता पाठ किया। गांधी जयंती सप्ताह में आयोजित चित्र प्रदर्शनी और पुस्तक प्रदर्शनी सप्ताह भर लगी रहेगी।