एडिलेड। मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 विश्व कप के सुपर 12 में अफगानिस्तान को बमुश्किल चार रन से हराकर ग्रुप एक में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इस ग्रुप से न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। अब ऑस्ट्रेलिया तभी सेमीफाइनल में पहुंच सकेगा, जब शनिवार को इस ग्रुप के अंतिम मैच में श्रीलंकाई टीम इंग्लैंड को हरा दे। या फिर बारिश या अन्य कारण से मैच रद कर दिया जाय और इंग्लैंड तथा श्रीलंका को एक-एक अंक दे दिया जाय। ऑस्ट्रेलिया को अपना नेट रन रेट सुधारने के लिए अफगानिस्तान को 106 रन तक समेटने की जरूरत थी, लेकिन उसके गेंदबाज ऐसा नहीं कर सके। इंग्लैंड जीतने के साथ ही सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के 168 रन के जवाब में अफगानिस्तान ने 164 रन बनाए। राशिद 23 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से 48 रन बनाकर अविजित रहे।
अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने टीम को तेज शुरुआत दी। वह 17 गेंदों प दो चौके और दो छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। पावर प्ले के छह ओवरों में अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 47 रन था। राशिद खान ने 18वें ओवर में केन रिचर्डसन की लगातार गेंदों पर दो छक्के लगाकर मैच में थोड़ा रोमांच भी भर दिया। अंतिम दो ओवरों में अफगानिस्तान को 33 रन बनाने की जरूरत थी। 19वें ओवर में हेजलवुड की गेंद पर राशिद ने फिर छक्का जड़ा। अंतिम गेंद पर चौका लगाया। आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रनों की जरूरत थी। स्टोइनिस की पहली गेंद वाइड थी। नॉनस्ट्राइकर छोर से राशिद रन लेने दौड़े, लेकिन दरवेश रसूल रन आउट हो गए। अब छह गेंदों पर 21 रन बनाने थे। पहली गेंद पर रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर राशिद ने चौका जड़ दिया। तीसरी गेंद पर फिर रन नहीं बना। चौथी गेंद पर छक्का लगा। अब दो गेंद पर 11 रन की जरूरत थी। पांचवीं गेंद पर दो रन बने। अंतिम गेंद पर राशिद ने चौका जड़ा लेकिन लक्ष्य से चार रन दूर रह गए।
इब्राहिम जादरान और गुलबदीन नैब ने तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों पर अर्धशतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के माथे पर शिकन डाल दी। इस जोड़ी को ग्लेन मैक्सवेल ने अपने सटीक थ्रो से गुलबदीन को रनआउट करके तोड़ा। गुलबदीन ने 23 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाए। जम्पा ने अपने चौथे और कुल 14वें ओवर में इब्राहिम जादरान आउट कर टीम को काफी राहत दे दी। नजीब जादरान भी जम्पा का शिकार बन गए। 99 रन के स्कोर पर तीन अफगान विकेट अचानक गिर गए। पांचवीं गेंद पर अफगानिस्तान के 100 रन पूरे हो गए।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच इस मैच में नहीं खेले। उनकी जगह कैमरून ग्रीन को टीम में शामिल किया गया और कप्तानी विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने की। अफगानिस्तान को पहली सफलता तीसरे ओवर में मिली, जब फजल फारुखी ने पहली ही गेंद पर ग्रीन को स्लिप में गुलबदीन नैब के हाथों कैच करा दिया। पहला विकेट 22 के स्कोर पर गिरा। छठे ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 50 रन तो बना लिए, लेकिन नवीनउल हक की गेंद पर रिवर्स शॉट खेलने गए डेविड वार्नर बोल्ड हो गए। वार्नर ने 18 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 25 रन बनाए। नवीन ने इसी ओवर में स्टीव स्मिथ को पगबाधा कर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बना दिया।
मिशेल मार्श ने 19 रन पर जीवनदान पाने के बाद 30 गेंद पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल ने 12वें ओवर में अफगान कप्तान मोहम्मद नबी की गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार करा दिया। स्टोइनिस ने 16ओवर में राशिद खान की पहली गेंद पर छक्का लगाकर पांचवें विकेट के लिए मैक्सवेल के साथ अर्धशतकीय साधेदारी पूरी की, लेकिन तीसरी गेंद पर राशिद ने स्टोइनिस को प्वाइंट पर उस्मान गनी के हाथों कैच करा दिया। स्टोइनिस ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 17 गेंदों पर 33 रन बनाए।
मैक्सवेल ने 18वें ओवर में फजल की पहली गेंद पर छक्का लगाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार करा दिया। फजल ने इसी ओवर में मैथ्यू वेड को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिराया। नवीन की गेंद पर राशिद ने 19वें ओवर में कवर पर पैट कमिंस का शानदार कैच पकड़ लिया। यह नवीन का तीसरा विकेट रहा। इसी ओवर में उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए नॉन स्ट्राइकर छोर के स्टम्प बिखेरकर केन रिचर्डसन को रनआउट कर दिया। अंतिम ओवर में मैक्सवेल ने चौका लगाकर 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 32 गेंद पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 54 रन बनाकर अविजित रहे। नवीनउल हक ने करियर बेस्ट गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए।