मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की इस महीने हो रही आम सभा में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। खासतौर पर अध्यक्ष पद पर कोई ऐसा चेहरा दिख सकता है, जिसके बारे में अबतक किसी ने सोचा नहीं था। इनमें से एक नाम रोजर बिन्नी का आ रहा है, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वह बोर्ड के अध्यक्ष बन सकते हैं। मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली के इस चुनाव से अलग रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक एजीएम के लिए बोर्ड से जुड़े राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों की जो सूची मिली है, उसमें कुछ अप्रत्याशित नाम शामिल किए गए हैं। कुछ प्रमुख नामों को बाहर भी किया गया है। बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक बोर्ड में पदाधिकारी वही हो सकता है, जिसे राज्य संघों ने प्रतिनिधि बनाया हो।
सबसे बड़ा आश्चर्य कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन की सूची में देखने को मिला है। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोश मोहन के स्थान पर इसमें रोजर बिन्नी का नाम शामिल है। बिन्नी 1983 में पहली बार विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। इसके अलावा बिन्नी बोर्ड की चयन समिति में भी रहे हैं।
दूसरी ओर बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन ने भी ऐसा ही चौंकाने वाला फैसला लिया है। पहले समझा जा रहा था कि इस बार बोर्ड की एजीएम में बंगाल की ओर से बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्व. जगमोहन डालमिया के पुत्र अविषेक डालमिया को प्रतिनिधि बनाया जाएगा, लेकिन आखिरकार सौरव गांगुली को प्रतिनिधि के तौर पर चुना गया है।
इनके अलावा बीसीसीआई के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी हरियाणा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत राजस्थान और जयदेव शाह सौराष्ट्र से बोर्ड के एजीएम में प्रतिनिधि होंगे। विदर्भ से बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर के पुत्र अद्वैत मनोहर एजीएम में शामिल होंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली और पूर्व आईपीएल चेयरमैन चिरायु अमीन के पुत्र प्रणव अमीन क्रमशः दिल्ली जिला क्रिकेट संघ और बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से प्रतिनिधि होंगे।
गुजरात से जय शाह, हिमाचल प्रदेश से अरुण सिंह धूमल और मुंंबई क्रिकटे एसोसिएशन से आशीष शेलार बोर्ड की एजीएम में शामिल होंगे। शेलार मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद की दौड़ में भी शामिल हैं।
देश के 38 में से 35 क्रिकेट संघों ने गुरुवार तक अपने प्रतिनिधियों के नाम घोषित कर दिए हैं। चंडीगढ़, रेलवे और सर्विसेज ने इसके लिए बोर्ड से थोड़ा समय मांगा है।
चुनाव के नियमों के मुताबिक बोर्ड पदाधिकारियों के लिए नामांकन 11 और 12 अक्तूबर को भरे जाएंगे। इनकी जांच 13 अक्तूबर को होगी। 14 अक्तूबर को नाम वापसी का दिन होगा। 18 अक्तूबर को बोर्ड की एजीएम के दौरान नए पदाधिकारियों का चुनाव किया जाएगा।
बोर्ड के पांच प्रमुख पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष का चुनाव होना है।