नागपुर। क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बनते हैं और टूटते हैं। ये रिकॉर्ड खिलाड़ी की उम्र के मोहताज नहीं होते। मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर ने स्कूली क्रिकेट में बड़ा रिकॉर्ड बनाया था। इस बार मुंबई का ही एक किशोर ऐसे रिकॉर्ड बनाने वाले क्रिकेटरों की विशिष्ट सूची में शामिल हुआ है।
मुंबई इंडियन्स के अंतर विद्यालय (अंडर-14) मेंसरस्वती विद्यालय की ओर से खेल रहे 13 वर्षीय यश चावडे ने नागपुर के झूलेलाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के मैदान पर खेले गए मैच में सिद्धेश्वर विद्यालय के खिलाफ नाबाद 508 रन की पारी खेलकर सीमित ओवरों के क्रिकेट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने ये रन 178 गेंदों पर बनाए और पांच सौ से ज्यादा का व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले क्रिकेट इतिहास के 10 बल्लेबाजों में शुमार हो गए। चावडे ने अपनी पारी में 81 चौके और 18 छक्के जड़े।
चावडे ने व्यक्तिगत रिकॉर्ड के साथ ही सबसे बड़ी साझेदारी का भी रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने तिलक वाकोडे के साथ 40 ओवरों में 714 रन जोड़े। काकोडे ने 97गेंदों पर 127 रन बनाए। चावडे सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक पारी में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज हो गए हैं। उनसे पहले श्रीलंका के चिरथ सेलेपेरुमा ने अंडर-15 इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के मैच में 553 रन बनाए थे। उन्होंने अगस्त 2022 मे यह रिकॉर्ड बनाया था।
फोटो- सौजन्य गूगल