रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में बने इस नए स्टेडियम में पहला मैच खेल रही भारतीय टीम ने एक दिवसीय क्रिकेट की हर विधा में शनिवार को बेहतरीन प्रदर्शन किया। दुनिया की नंबर एक टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दो मैच जीतकर विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को और पुख्ता किया। न्यूजीलैंड पर आठ विकेट की जीत निश्चित तौर पर मनोबल बढ़ाने वाली रही। कप्तान रोहित शर्मा थोड़ी हड़बड़ी दिखा गए, अन्यथा भारत 10 विकेट से जीत सकता था।

प्लेयर ऑफ द मैच मोहम्मद शमी के नेतृत्व में न्यूजीलैंड को महज 108 रन पर धराशाई करने के बाद भारत ने 21वें ओवर की पहली गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने शुरू से ही आकर्षक बल्लेबाजी की। जिस विकेट पर न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज सहम गए थे, उसपर रोहित और शुभमन गिल ने बेखौफ होकर बल्लेबाजी की। रोहित ने अर्धशतक भी पूरा किया। हालांकि इसके तुरंत बाद वह हेनरी शिप्ले की एक गेंद को पुल करने के प्रयास में पगबाधा हो गए। गेंद थोड़ी नीची रह गई थी।
वैसे रोहित इस शॉट से बच भी सकते थे। मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी कुछ ऐसी मुद्राएं बनाते दिखे कि रोहित को वह गेंद सीधे बल्ले से खेलनी चाहिए थी। मैच के बाद रोहित ने गेंदबाजों की खुलकर तारीफ की और यह कहा कि सबकुछ सही दिशा में जा रहा है।
विराट कोहली से दर्शकों को खासा निराशा हाथ लगी। कोहली जब क्रीज पर आए, तब भारत को जीत के लिए सिर्फ 37 रन बनाने थे। कोहली एकबार फिर मिशेल सेंटनर का शिकार बने। सेंटनर की स्पिन हुई गेंद को कोहली चूके और विकेटकीपर टॉम लैथम ने कोई गलती नहीं की।