लखनऊ। संजू सैमसन के 63 गेंदों पर बनाए 86 रनों ने इकाना स्टेडियम में खामोश दर्शकों में रोमांच जरूर पैदा किया, लेकिन भारतीय टीम लक्ष्य से नौ रन दूर रह गयी। तीन एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों के पहले मैच में गुरुवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के 249 रन के जवाब में भारत ने खराब शुरुआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 240 रन बनाए। संजू सैमसन ने जलवा जरूर बिखेरा, लेकिन थोड़ी देर हो गई। उन्होंने अपनी पारी मे नौ चौके और तीन छक्के जड़े। दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासन को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

अंतिम 24 गेंदों पर भारत को जीतने के लिए 59 रन बनाने थे। पांच विकेट शेष धे। शार्दूल ठाकुर ने 37वें ओवर में रबाडा की पहली गेंद पर चौका जड़ दिया। इसी ओवर में शार्दूल ने पांचवीं गेंद पर रिवर्स शॉट से चौका लगाकर भारत का स्कोर 200 के पार कराया। अंतिम गेंद फिर चार रन और अब 18 गेंदों पर 45 रन की जरूरत थी। दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बढ़ गया था। इसी ओवर में शार्दूल ठाकुर आउट हो गए। उन्होंने 31 गेंदों पर बेहतरीन 33 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे। अगली गेंद पर कुलदीप यादव का शानदार कैच बावुमा ने कवर में पकड़ा। आवेश खान आठवें विकेट के रूप में 39वें ओवर में आउट हुए। अगली गेंद पर रवि बिश्नोई का भी कैच पकड़ा गया, लेकिन यह नोबॉल थी। इसके बाद बिश्नोई ने फ्रीहिट पर बल्ला भांजा और गेंद बल्ले का किनारा लेकर थर्डमैन बाउंड्री का बाहर चली गई। अंतिम छह गेंदों पर 30 रन बनाने थे। शम्सी की पहली गेंद वाइड थी। दूसरी गेंद पर सैमसन ने छक्का लगाया। अगली गेंद पर चार रन। अगली गेंद फिर बाउंड्री। अब तीन गेंद पर 15 रन की जरूरत। चौथी गेंद पर रन नहीं बना। पांचवीं गेंद पर चौका लगा। अंतिम गेंद पर एक ही रन बना और भारत लक्ष्य से नौ रन दूर रह गया।
भारत को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लगा, जब कैगिसो रबाडा ने शुभमन गिल को बोल्ड कर दिया। गिल ने इसके पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500 रन पूरे किये थे। यह उनकी 10वीं पारी रही। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 11 पारियों में पांच सौ रन पूरे किए थे। यह ओवर मेडन रहा। इसके बाद के दो और ओवरों में भी कोई रन नहीं बना। छठे ओवर में वेन पार्नेल ने कप्तान शिखर धवन को बोल्ड कर दिया। दोनों विकेट आठ रन के स्कोर पर गिरे। दोनों ही बल्लेबाज “प्लेड ऑन” हुए।
भारतीय बल्लेबाजों को खेलने में काफी दिक्कत हो रही थी। रबाडा और पार्नेल के बाद केशव महाराज ने इशान किशन और रुतुराज गायकवाड को रन बनाने के लिए तरसाकर रख दिया। पिच पर स्पिन और उछाल के चलते एक-एक रन बनाना मुश्किल हो रहा था। आखिरकार तबरेज शम्सी ने अपने पहले और पारी के 17वें ओवर में गायकवाड को स्टम्प आउट करा दिया। गायकवाड ने 42 गेंदों पर 19 रन बनाए। भारत के 50 रन 18वें ओवर की पहली गेंद पर पूरे हुए। आखिरकार केशव महाराज को अपने पांचवें ओवर में पहली सफलता मिली। उन्होंने इशान किशन को लेग स्लिप पर डेविड मलान के हाथों कैच कराया। केशव ने किशन के लिए लेग स्लिप का जाल पहले से बिछा रखा था, जिसमें अंततः किशन फंस गए।
18वें ओवर से भारतीय बल्लेबाजों ने गियर बदला। खासकर श्रेयस ने कुछ अच्छे स्ट्रोक खेले और अगले चार ओवरों में 40 रन बन गए। 23वें ओवर में चौथी गेंद पर श्रेयस ने एनगिडी की गेंद पर थर्डमैन से चौका लगाकर भारत का स्कोर सौ रन पर पहुंचाया। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर एक और चौका लगाकर संजू सैमसन के साथ पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 31 गेंदों पर पूरी कर ली। हालांकि केशव महाराज ने 24वां औवर मेडन फेककर इस रन गति पर काफी लगाम कस दी। अय्यर ने 26वें ओवर में केशव की अंतिम गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 33 गेंदें खेलीं और आठ चौके लगाए। हालांकि दूसरे छोर पर सैमसन अपेक्षित गति से रन नहीं बना पा रहे थे।
एक-एक गेंद के साथ बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ता जा रहा था। श्रेयस आखिरकार इसका शिकार हुए और एनगिडी की गेंद पर मिडऑन पर रबाडा को कैच दे बैठे। भारत के 150 रन 32वें ओवर में पूरे हुए। यहां से जीतने के लिए 11.32 रन प्रति ओवर के हिसाब से बनाने थे। संजू सैमसन और शार्दूल ठाकुर के बीच छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन लक्ष्य और दूर हो चुका था। सैमसन ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 49 गेंदें खेलीं और तीन चौके और दो छक्के जड़े। यह उनका दूसरा पचासा रहा।
इसके पहले हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर की अर्धशतकीय पारियों और इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए अविजित शतकीय साझेदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 249 रन बनाए। मिलर 75 और क्लासेन 74 रन बनाकर अविजित रहे। भारत के लिए शार्दूल ठाकुर ने दो विकेट लिए। कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला।
बारिश की वजह से मैच काफी देर से शुरू हुआ और ओवरों की संख्या घटाकर 40 ओवर प्रति पारी कर दी गयी थी। इस हिसाब से एक गेंदबाज अधिकतम आठ ओवर कर सकता था। दक्षिण अफ्रीका के लिए जेनमैन मलान और क्विंटन डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। कप्तान तेंदा बावुमा टी-20 के बाद एक दिनी सीरीज के पहले मैच में भी फ्लॉप रहे। मलान और बावुमा के विकेट शार्दूल ठाकुर ने लिए। मलान 22 और बावुमा आठ रन बना सके। एडिन मार्करम (0) को खूबसूरत गेंद पर बोल्ड कर कुलदीप यादव ने विपक्षी टीम को तीसरा झटका दिया।
इकाना स्टेडियम की पिच पर गेंद काफी स्पिन ले रही थी। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनरों कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई की स्पिन, चाइनामैन और गुगली से निपटने के लिए स्वीप और रिवर्स स्वीप का सहारा लिया और काफी हद तक इसमें सफल रहे। इस वजह से खासकर पहला मैच खेल रहे रवि बिश्नोई को अपनी लाइन और लेंग्थ हासिल करने में काफी दिक्कत हुई।
रवि बिश्नोई पहले तीन ओवरों में महंगे साबित हुए। चौथे ओवर में उन्होंने क्विंटन डिकॉक को पगबाधा कर अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला विकेट हासिल किया। यह दक्षिण अफ्रीका का चौधा विकेट रहा। डिकॉक ने पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने 30वें ओवर में कुलदीप की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 45 गेंदों पर पूरी कर ली। मिलर ने 36वें ओवर में अपना अर्धशतक 50 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। इसी ओवर में आवेश खान की पांचवीं गेंद पर क्लासेन ने अपना अर्धशतक 51 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी 85 गेंदों पर पूरी हुई। 38वें ओवर में आवेश खान की गेंद पर दोनों ही बल्लेबाजों के कैच गिराए गए।