मुंबई। एक दिवयीय विश्व कप क्रिकेट का 1983 में पहला खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के ऑलराउंडर रहे रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष चुन लिए गये हैं। वह बोर्ड के 36वें अध्यक्ष होंगे। वह फिलहाल कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं और नई जिम्मेदारी मिलने के बाद यह पद छोड़ देंगे।
बोर्ड की मुंबई में मंगलवार को हुई वार्षिक कार्यकारिणी में बिन्नी को अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। रोजर बिन्नी मध्यम गति के तेज गेंदबाज रहे हैं और अच्छे बल्लेबाज भी रहे। 1983 के विश्व कप में उन्होंने आठ मैचों में 18 विकेट हासिल किए थे।
बिन्नी बोर्ड और भारतीय क्रिकेट में पहले भी दायित्व निभा चुके हैं। 1983 में विश्व कप जीतने वाली टीम के अलावा वह 1985 में ऑस्ट्रेलिया में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य भी रहे। 2000 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के वह कोच रहे। बिन्नी ने 2012 से 2015 तक भारत की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के चयनकर्ता की भूमिका भी निभाई। तब चयनसमिति के अध्यक्ष उनके टीम के साथी संदीप पाटिल थे। वर्ष 2019 में बिन्नी को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ का अध्यक्ष चुना गया।
रोजर बिन्नी के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 1979 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से हुई थी। यह मैच बिन्नी के गृहनगर बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में उन्होंने इमरान खान और सरफराज नवाज जैसे गेंदबाजों के सामने 46 रन की पारी खेली थी।