रावलपिंडी। इंग्लैंड के खिलाफ यहां खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने भी निर्जीव पिच पर सधी शुरुआत की। इंग्लैंड की पहली पारी मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को 657 रन पर समाप्त हुई। इसके बाद पाकिस्तान की ओपनिंग जोड़ी ने भी दूसरे दिन खेल समाप्त होने तक बिना अलग हुए 181 रन बना लिए।
पिच पर गेंदबाजों के लिए दूसरे दिन भी करने को कुछ नहीं था। इंग्लैंड के छह विकेट जल्दी-जल्दी अधिकतम स्कोर बनाने के चक्कर में गिरे। अब्दुल्ला शफीक और इमाम उल हक ने पाकिस्तानी पारी की धीमी शुरुआत की। विकेट पर आंखें जम जाने के बाद इन दोनों ने स्ट्रोक खेलना शुरू किया। हालांकि पाकिस्तान की रन गति इंग्लैंड के मुकाबले लगभग आधी ही रही, लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने अंग्रेज गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

शफीक और हक दोनों ने ही आराम के साथ अर्धशतक पूरे किये। लंच और चाय के बीच इन दोनों ने 108 रन बनाए। इसके बाद तीसरे सत्र में इन दोनों ने कुल 73 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक शफीक 10 चौके और दो छक्के की मदद से 89 और इमाम 13 चौके और एक छक्के की मदद से 90 रन बनाकर खेल रहे थे।
इंग्लैंड ने पहले दिन के स्कोर चार विकेट पर 506 रन से आगे खेलते हुए 151 रन और जोड़े। इस दौरान उसके छह विकेट भी गिरे। सबसे पहले कप्तान बेन स्टोक्स आउट हुए, जिन्होंने पहले दिन अंतिम क्षणों में काफी तेज बल्लेबाजी की थी। पहला टेस्ट खेलने उतरे लियाम लिविंग्स्टोन कुछ खास नहीं कर पाए। वह 549 रन के स्कोर पर छठे विकेट के रूप में आउट हुए।
कल के अविजित शतकवीर हैरी ब्रूक ने तेज बल्लेबाजी की और 150 रन पूरे किये। ब्रूक ने 153 रन की पारी में 19 चौके और पांच छक्के जड़े। इसके बाद विल जैक्स और ओली रॉबिन्सन ने आठवें विकेट के लिए 65 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जैक्स ने चार चौकों की मदद से 30 और रॉबिन्सन ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए जाहिद महमूद ने चार और नसीम शाह ने तीन विकेट लिए।