कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि मैं अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के बाद अब आगे देख रहा हूं। शायद कोई और बड़ा काम मेरा इंतजार कर रहा है। बोर्ड अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल खत्म होने से तीन दिन पहले सौरव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अध्यक्ष के रूप में मेरा तीन साल का कार्यकाल काफी सुखद यादों वाला रहा है।
गांगुली ने कहा कि मेरे कार्यकाल के दौरान कोविड-19 जैसे भयावह मुसीबत सामने आ खड़ी हुई। इसके बावजूद हमने इंडियन प्रीमियर लीग को पूरे एहतियात औऱ सतर्कता के साथ सम्पन्न कराया। इन तीन साल के दौरान भारत अंडर-19 विश्व कप चैंपियन बना। इसके अलावा एक ऐतिहासिक फैसला ब्रॉडकास्टिंग अधिकार बेचने का रहा, जिसमें अबतक का सबसे बड़ा फायदा बोर्ड को हुआ। हमारी महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता। हालांकि वे फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर स्वर्ण पदक जीतने के बहुत करीब पहुंच गई थीं। फिर भी रजत पदक जीतना बड़ी उपलब्धि रही।
सौरव ने बड़े दार्शनिक अंदाज में कहा कि कुछ भी स्थायी रूप से नहीं रहता है। चाहे वह खिलाड़ी हो या फिर प्रशासनिक अधिकारी। सौरव ने हालांकि यह नहीं बताया कि आगे वह क्या करने जा रहे हैं, लेकिन उनके हावभाव से यही लगा कि उन्होंने अपने लिए कुछ तय कर रखा है। शायद यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के मुखिया का पद हो।
गौरतलब है कि तीन दिन बाद बोर्ड अध्यक्ष पद से सौरव गांगुली का हटना तय है। नए अध्यक्ष के रूप में पूर्व गेंदबाज रोजर बिन्नी सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।