लखनऊ। भारतीय उप महाद्वीप में टेस्ट क्रिकेट मैचों बनाई जाने वाली पिच पर आखिरी दिन काफी स्पिन और उछाल देखा जातता रहा है। अक्सर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमें हारते हुए देखी गई हैं। ऐसी ही पिच क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यहां देखने को मिली। स्पिनरों के सामने मेजबान न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी-20 मैचों के अपना न्यूनतम स्कोर बनाया। स्पिनरों के अलावा अंतिम क्षणों में दो ओवर फेकने वाले सीमर अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट पर 99 रन ही बनाने दिया। इसके पहले न्यूजीलैंड ने 2021 में कोलकाता में 111 रन बनाए थे। भारत ने 19.5 ओवर में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। सूर्यकुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
भारत को छोटा लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरे 20वें ओवर तक बल्लेबाजी करनी पड़ी। न्यूजीलैंड के पास 19वें और 20वें ओवर में स्पिन का विकल्प नहीं बचा था। 19वें ओवर में लोकी फर्ग्युसन के ओवर में एक चौका लगा। 20वां ओवर ब्लेयर टिकनर ने किया। इस ओवर में छह गेंदों पर छह रन बनाने थे। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार जैसे बल्लेबाज क्रीज पर थे। तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार का कैच टिकनर ने छोड़ दिया। अब तीन गेंदों पर चार रन की जरूरत थी। चौथी गेंद पर एक रन बना। पांचवीं गेंद पर सूर्यकुमार ने मि़ड ऑफ से चौका जड़कर भारत को जीत दिला दी।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। पिच का मिजाज देखते हुए भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने पावर प्ले में ही स्पिनरों को गेंदबाजी थमा दी। इसका लाभ भी मिला। युज्वेंद्रा चहल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और दीपक हुड्डा ने न सिर्फ न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को ढहाया, बल्कि उन्हें रन बनाने के लिए भी मोहताज कर दिया। न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक 19 अविजित रन कप्तान मिशेल सेंटनर ने बनाए। 20 ओवर तक बल्लेबाजी करने वाली न्यूजीलैंड की पारी में सिर्फ छह चौके ही लगे।
वैसे न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भी कम गलतियां नहीं कीं। उन्होंने स्पिन लेती पिच पर अनावश्यक स्ट्रोक खेलकर विकेट गंवाए।
राहत की बात यह रही कि भारतीय गेंदबाजों ने सिर्फ पांच वाइड गेंदें फेकीं। 18वें ओवर में पहली बार गेंदबाजी करने आए अर्शदीप सिंह भी पूरी तरह नियंत्रण और अनुशासन में दिखे। उन्होंने दो ओवर किए और सात रन देकर दो विकेट हासिल किए।
भारतीय बल्लेबाजों के सामने भी स्पिन बड़ी पहेली बनी रही। इशान किशन जैसे बल्लेबाज को 19 रन बनाने के लिए 32 गेंदों का सामना करना पड़ा। केएल राहुल भी स्पिन को ठीक तरह से समझ न पाने के कारण आउट हुए। यही हाल राहुल त्रिपाठी का भी हुआ। अच्छी भली साझेदारी कर रहे सूर्यकुमार यादव और वॉशिंगटन सुंदर के बीच अचानक बेवजह तालमेल की कमी हुई और सुंदर रन आउट हो गए।