जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका की नई टी-20 लीग में शामिल सभी छह टीमों को आईपीएल की फ्रेंचाइजी ने खरीदा है। यह लीग अगले वर्ष जनवरी में खेली जानी है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जाइंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के मालिकों ने ये टीमें खरीद ली हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका इस लीग का मुख्य आयोजक है और इसका प्रसारण सुपर स्पोर्ट टीवी पर होगा।
सीएसके की पैरेंट कंपनी चेन्नई सुपर किंग्स स्पोर्ट्स लि. ने जोहान्सबर्ग फ्रेंचाइजी को सबसे ज्यादा कीमत देकर हासिल किया है। मुंबई इंडियंस के रिलायंस इंडस्ट्रीज ने केपटाउन फ्रेंचाइजी और सनराइजर्स के सन टीवी ग्रुप ने पोर्ट एलिजाबेथ फ्रेंचाइजी खरीदी। पिछले आईपीएल सत्र की नई टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स को खरीदने वाले आरपी संजीव गोयनका ग्रुप ने डरबन टीम और राजस्थान रॉयल्स ने पार्ल टीम खरीदी है। दिल्ली कैपिटल के जिंदल साउथ वेस्ट स्पोर्ट्स ने प्रिटोरिया टीम को हासिल किया।
इस बीच क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने इस नई लीग के संचालन के लिए पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ को इसका प्रमुख घोषित किया है। फ्रेंचाइजी और टीमों की औपचारिक घोषणा जल्दी ही कर दी जाएगी। स्मिथ ने कहा कि मैं इस नई जिम्मेदारी से खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इसका निर्वहन करने के लिए काफी रोमांचित हूं। यह काफी चुनौतीपूर्ण होगा। यह लीग दक्षिण अफ्रीका की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को सामने लाने में काफी मददगार होगी।