वेलिंगटन। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दुनिया के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की है। वहां अब पुरुष और महिला क्रिकेटरों को एक समान भुगतान किया जाएगा। इस आशय के पांच साल के अनुबंध पर मंगलवार को खिलाड़ियों ने हस्ताक्षर किये।
अनुबंध के मुताबिक न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू प्रतियोगितायों में पुरुषों के बराबर भुगतान किया जाएगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ एग्जीक्यूटिव डेविड व्हाइट ने कहा कि हमारे लिए यह काफी महत्वपूर्ण अनुबंध है। इससे न्यूजीलैंड में क्रिकेट की नींव मजबूत होगी। खिलाड़ी और खेल दोनों बेहतर तरीके से विकसित हो सकेंगे।
व्हाइट ने कहा कि इससे देश में महिला क्रिकेटरों की संख्या बढ़ेगी और पुरुष क्रिकेटरों की आय। इसका कारण यह है कि पुरुष महिलाओं की अपेक्षा ज्यादा क्रिकेट खेलते हैं। साथ ही महिलाओं में भी क्रिकेट के प्रति रुचि और बढ़ेगी। न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट कप्तान सोफी डिवाइन ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब देश की महिला क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर नई पहचान मिल सकेगी।