होबार्ट। सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करते दिख सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी कप्तानी पर लगाया आजीवन प्रतिबंध खत्म करने पर विचार कर रहा है। इसपर शुक्रवार तक फैसला हो जाने की उम्मीद है।
वार्नर को 2018 में गेंद से छेड़छाड़ के मामले में दोषी पाया गया था। मौजूदा कप्तान आरोन फिंच के एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वार्नर को इस प्रारूप की कप्तानी का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि प्रतिबंध के चलते ऐसा होना संभव नहीं है। इसी के मद्दे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यह प्रतिबंध हटाने पर विचार कर रहा है। मौजूदा नियमों के मुताबिक किसी खिलाड़ी ने आचार संहिता के तहत खुद पर लगाया प्रतिबंध स्वीकार कर लिया है तो वह इस मसले पर पुनर्विचार कराने का हकदार होता है। इस मसले पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी शुक्रवार को होबार्ट में होने वाली बैठक में विचार करेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों का मानना है कि वार्नर इस समय मैदान पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा मैदान के बाहर भी उनका व्यवहार काफी अच्छा रहा है। सीए के चेयरमैन लैकलेन हेंडरसन ने कहा कि हम देखेंगे कि यह कैसे किया जा सकता है। इसके लिए नियमों में मामूली फेरबदल भी किया जा सकता है।
ं