कोहली ने जड़ा तीन साल बाद पहला वनडे शतक
चट्टोग्राम। इशान किशन के रिकॉर्डतोड़ दोहरे शतक और विराट कोहली की 44वीं शतकीय पारी की बदौलत भारत ने सीरीज के तीसरे और अंतिम एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में शनिवार को बांग्लादेश को 227 रन से हरा दिया। बांग्लादेशी बल्लेबाज इशान के व्यक्तिगत स्कोर के बराबर भी रन नहीं बना सके। भारत के 409 रन के स्कोर का पीछा करते हुए बांग्लादेशी टीम 182 रन पर आउट हो गई।
बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक 43 रन शाकिब अल हसन ने बनाए। लिटन दास ने 29, यासिर अली ने 25 और महमूदुल्लाह ने 20 रन बनाए। पिछले दो मैचों में बांग्लादेश की जीत के सूत्रधार मेहदी हसन मेराज सिर्फ तीन रन बना सके। बांग्लादेश ने सीरीज 2-1 से जीती। भारत के लिए शार्दूल ठाकुर ने तीन, अक्षर पटेल और उमरान मलिक ने दो-दो, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया।
इसके पहले बंगाल की खाड़ी के तट पर बसे बांग्लादेश में शनिवार को इशान किशन के कीर्तिमानों का प्रचंड तूफान उठा। इस एक पारी में उन्होंंने कई नए कीर्तिमान बनाए। इस सीरीज में अबतक भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर चुके बांग्लादेशी गेंदबाजों का पानी पूरी तरह उतार दिया। मैदान के हर कोने पर मनचाहे स्ट्रोक जड़े। उनके अलावा विराट कोहली ने भी 2019 के बाद पहला और कुल 44वां एक दिनी अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। इन दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 409 रन बनाए। बांग्लादेशी कप्तान लिटन ने टॉस जीतकर भारत से पहले बल्लेबाजी करने को कहा था।
इशान ने इस मैच में कायम किए ये कीर्तिमान
इशान ने 131 गेंदों पर 24 चौके और 10 छक्के की मदद से 210 रन बनाए। यह किसी भारतीय बल्लेबाज का बांग्लादेश के खिलाफ बनाया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी रहा। इसके पहले वीरेंद्र सहवाग ने 179 रन बनाए थे। इसके बाद इशान ने बांग्लादेश में मेजबान टीम के खिलाफ एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में सर्वाधिक व्यक्तिगत रन बनाने का ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शेन वाटसन का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। इशान ने अपना दोहरा शतक 126 गेंदों पर 23 चौके और नौ छक्के की मदद से पूरा किया। इसी के साथ वह सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग के अलावा न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल और पाकिस्तान के फखर जमान के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए। इशान के दोहरे शतक पर विराट कोहली ने भी पिच पर भांगड़ा किया। यह एक दिनी क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक भी रहा। आखिरकार इस ऐतिहासिक पारी का अंत तासकिन की गेंद पर लिटन दास ने सीमा रेखा पर बेहतरीन कैच के जरिये किया। उन्होंने विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 290 रन जोड़े। इशान दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा और सबसे तेज दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने 24 साल और 145 दिन की उम्र में यह उपलब्धी हासिल की।
इशान किशन ने एक दिनी करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय शतक 85 गेंदों पर 14 चौके और दो छक्के की मदद से पूरा किया। इसके साथ ही वह बांग्लादेश के खिलाफ अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक जड़ने वाले युवराज सिंह के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अफीफ हुसैन की गेंद को स्क्वायरलेग से चौका लगाकर शतक पूरा किया।
विराट भी इस मैच में फॉर्म में लौटते दिखे। उन्होंने अपना 65वां वनडे अर्धशतक 54 गेंदों पर चार चौकों की मदद से पूरा किया। मेहदी हसन के इस ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर वह इस मुकाम तक पहुंचे। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर फाइनलेग से छक्का लगाकर इशान ने 150 रन पूरे किये। अगली गेंद पर चौका जड़कर दूसरे विकेट के लिए कोहली के साथ 200 रन की साझेदारी भी पूरी की। इस समय तक इशान 17 चौके औऱ आठ छक्के जड़ चुके थे।
विराट कोहली को दो बार जीवनदान मिला। पहली बार मेहदी हसन की गेंद पर बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने शॉर्ट मिडविकेट पर आसान कैच गिराया। फिर मिडऑफ पर उनका कैच छूटा। हालांकि इसके बाद विराट और किशन ने आसानी से शतकीय साझेदारी पूरी की। किशन का भी कैच हसन की गेंद पर सीमारेखा के नजदीक शाकिब अल हसन से छूटा। उस समय इशान 87 रन पर खेल रहे थे।
कोहली ने 29वें ओवर में इबादत हुसैन की गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक 11 चौके और एक छक्के की मदद से 85 गेंदों पर पूरा किया। कोहलीका यह 72वां अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। उन्होंने इसके साथ ही सर्वाधिक वनडे शतक जड़ने के पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया। इसके पहले फॉर्म में चल रहे श्रेयस अय्यर सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए। इबादत ने इसके बाद खूबसूरत यॉर्कर पर कप्तान केएल राहुल को बोल्ड कर दिया।
कोहली की पारी का अंत शाकिब अल हसन ने किया। फ्लाइटेड और ऑफ स्टम्प के काफी बाहर की गेंद पर विराट ने लांग ऑफ पर छक्का लगाने का प्रयास किया, लेकिन मेहदी हसन ने सीमा रेखा पर कैच पकड़ लिया। विराट ने 90 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्के की मदद से 113 रन बनाए। व़ॉशिंगटन सुंदर ने 43वें ओवर में इबादत की गेंद पर चौका लगाकर भारत का स्कोर 350 रन पर पहुंचा दिया। सुंदर और अक्षर ने छठे विकेट के लिए 37 गेंदों पर 47 रन जोड़े। 390 के स्कोर पर अक्षर को तासकिन ने बोल्ड कर दिया। अक्षर ने एक चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए। भारत के 400 रन 49वें ओवर में पूरे हुए। इसी ओवर में शाकिब की चौथी गेंद पर चौका लगाने के बाद अगली गेंद को उड़ाने के चक्कर में सुंदर बोल्ड हो गए। उन्होंने 27 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से उपयोगी 37 रन बनाए।