केर्यन्स। एलेक्स कैरी और कैमरन ग्रीन की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान न्यूजीलैंड को एक दिवसीय मैचों की शृंखला के पहले मैच में मंगलवार को दो विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड के दिए 233 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट खोकर पार कर लिया। ग्रीन 89 रन बनाकर अविजित रहे, जबकि कैरी ने 85 रन बनाए। एडम जंपा 13 रन बनाकर अविजित रहे। 45 ओवर खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया कास्कोर 232 रन था और उसे एक रन की जरूरत थी। लोकी फर्गुसन ने 46वें ओवर की पहली गेंद वाइड की और इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज कर ली।

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब थी। उसके पांच विकेट सिर्फ 44 रन पर गिर चुके थे। इसमें सबसे ज्यादा 20 रन डेविड वार्नर के थे। इसके बाद एलेक्स कैरी और कैमरन ग्रीन ने पारी को संभाला और छठे विकेट के लिए माइकल क्लार्क और माइक हसी का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। एलेक्स कैरी 99 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए। इसके पहले उन्होंने ग्रीन के साथ 158 रन की साझेदारी की। इसके पहले 2004 में क्लार्क और हसी ने छठे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी की थी।
ऑस्ट्रेलिया सुखद स्थिति में पहुंच चुका था, लेकिन बोल्ट ने 206 रन पर ग्लेन मैक्सवेल को नीशम के हाथों कैच कराकर मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। नीशम ने सीमारेखा पर बेहतरीन कैच पकड़ा। इसके बाद लोकी फर्गुसन ने मिशेल स्टार्क को आउट कर दिया। 42वें ओवर में ग्रीन की पिंडलियों में खिंचाव आ गया और फिजियो ने मैदान पर ही उनका इलाज किया। ग्रीन दौड़ नहीं पा रहे थे। 44वें ओवर के बाद फिर उन्हें ट्रीटमेंट दिया गया। उस समय ऑस्ट्रेलिया को जीतने के लिए 10 रन बनाने थे। 45वें ओवर में एडम जंपा ने सैंटनर की गेंद पर चौका लगाकर स्कोर 229 रन पहुंचाया, तभी बारिश शुरू हो गई और खेल रोकना पड़ा। हालांकि तुरंत ही बारिश रुक भी गई। उस समय ऑस्ट्रेलिया जो जीत के लिए चार रन की जरूरत थी।
न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
इसके पहले न्यूजीलैंड ने 50 ओवरों में नौ विकेट पर 232 रन का स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड का पहला विकेट मार्टिन गप्टिल के रूप में 10 रन पर गिर गया था, लेकिन डेवोन कॉन्वे और कप्तान केन विलियम्सन ने दूसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़कर टीम की स्थिति थोड़ी मजबूत की। कॉन्वे चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 और विलियम्सन तीन चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। इन दोनों के बाद टॉम लैथम और डेरिल मिशेल ही कुछ हद तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना कर सके। लैथम ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 43 और मिशेल ने दो चौकों के सहयोग से 26 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ग्लेन मैक्सवेल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 52 रन देकर चार विकेट लिये। उनके अलावा जोश हेजलवुड ने 31 रन देकर तीन विकेट चटकाए।