अहमदाबाद। महाराष्ट्र के कप्तान और ओपनर रुतुराज गायकवाड ने लिस्ट ए क्रिकेट में अद्भुत कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ सोमवार को विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में एक ओवर में सात छक्के जड़कर 43 रन जुटाए।
रुतुराज ने यह कारनामा 49वें ओवर में किया। ओवर शुरू होने के समय महाराष्ट्र का स्कोर पांच विकेट पर 272 रन था। ओवर खत्म होने पर स्कोर पांच विकेट पर 315 रन हो गया। महाराष्ट्र ने 50 ओवरों में पांच विकेट पर 330 रन बनाए। बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह की पहली लोअर फुलटॉस गेंद पर रुतुराज ने लांगऑन पर छक्का जड़ा। दूसरी गेंद गेंदबाज के सिर के ऊपर से होकर छह रन के लिए गई। तीसरी शॉर्ट पिच गेंद को रुतुराज ने स्क्वायर लेग से हवा में बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। चौथी गेंद पर शिवा ने लाइन बदली और ऑफ स्टम्प के बाहर डाली। रुतुराज को इसे लांगऑफ के ऊपर से छह रन के लिए मारने में दिक्कत नहीं हुई। पांचवीं गेंद पर फिर उसी दिशा में छक्का लगा और यह नोबॉल भी थी। फ्री हिट गेंद पर रुतुराज ने लांगऑन के ऊपर से छक्का जड़ा। अंतिम गेंद शिवा ओवर द विकेट लेकर आए। मिडिल स्टम्प की इस गेंद पर रुतुराज ने मिडविकेट पर छक्का जड़ दिया।
इसके साथ ही वह ब्रेट हैम्पटन और जो कार्टर के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए, जिन्होंने 2018 में न्यूजीलैड की घरेलू प्रतियोगिता फोर्ड ट्रॉफी में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्स की ओर से खेलते हुए सेंट्रल डिस्ट्रिक्स के गेंदबाज विलियम ल्यूडिक की गेंदों पर इतने रन बनाए थे। रुतुराज ने हालांकि यह कारनामा अकेले कर दिखाया। गायकवाड इस मैच में 159 गेंदों पर 220 रन बनाकर अविजित रहे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 16 छक्के जड़े। दूसरी ओर शिवा सिंह ने नौ ओवरों में 88 रन खर्च किये और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला।