चट्टोग्राम। चेतेश्वर पुजारा और श्रेयस अय्यर ने भारत को खराब शुरुआत से उबारते हुए बांग्लादेश के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को कुछ बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया। इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की बदौलत भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने के समय तक छह विकेट पर 278 रन बना लिए थे। अय्यर 82 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।

पुजारा ने पहले चौथे विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 64 रन जोड़े। इस साझेदारी में पंत ज्यादा आक्रामक रहे और उन्होंने कई आकर्षक शॉट भी खेले। उन्होंने 46 रन की अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के जड़े। 32वें ओवर में मेहदी हसन की गेंद की लंबाई पढ़ने में पंत से चूक हुई और गेंद को बैकफुट पर खेलने के प्रयास में वह बोल्ड हो गए।
पुजारा और श्रेयस ने इसके बाद मजबूती से पारी को संभाला और संकट काफी हद तक टाल दिया। इन दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। पुजारा शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे। 90 रन के निजी स्कोर पर वह ताइजुल इस्लाम की स्पिन समझने में चूके और गेंद उनके ऑफ स्टम्प पर जा लगी। पुजारा ने अपनी पारी में 11 चौके जड़े। पहले दिन के खेल के अंतिम क्षणों में अक्षर पटेल को बल्लेबाजी करने भेजा गया, लेकिन वह 14 रन बनाकर मेहदी हसन की गेंद पर पगबाधा हो गए। इसी के साथ पहले दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी गई। श्रेयस अपनी पारी में अबतक 10 चौके लगा चुके हैं।
भारत की कप्तानी कर रहे केएल राहुल ने मंगलवार को नियमित प्रेस कांफ्रेंस में आक्रामकता की बात की थी। कम से कम पहले दिन के पहले सत्र में तो ऐसा कुछ नहीं दिखा। पिच में कोई खराबी नहीं दिख रही थी। शुरुआत भी अच्छी मिल गई। 14वें ओवर में स्कोर बिना विकेट खोए 41 रन हो गया था। जरूरत थी सिंगल-डबल के सहारे लंच तक स्कोर को बिना विकेट गंवाए 80-90 रन तक पहुंचाने की।
14वें ओवर में शुभमन गिल ने बाएं हाथ के स्पिनर ताइजुल इस्लाम की गेंद पर पैडल स्वीप करने का प्रयास किया। वह गेंद की लंबाई नहीं भांप सके। गेंद बल्ले के हैंडल के पास लगकर लेग स्लिप की ओर उछली और स्लिप में खड़े यासिर अली ने बाईं ओर दौड़ते हुए अच्छा कैच पकड़ लिया। गिल ने 20 रन बनाए।
केएल राहुल पिछले कुछ मैचों में कई बार प्लेडऑन हुए हैं। आज भी वह इसी तरीके से आउट हुए। राहुल शुरू से ठीक खेल रहे थे। उन्होंने बल्ले के बीच गेंदों को लिया। तीन बेहतरीन चौके भी जड़े, लेकिन अचानक उनकी जैसे तंद्रा भंग हुई। पेसर खालिद अहमद की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को कवर में खेलने गए राहुल गेंद को थोड़ा जल्दी खेल गए। उनका बल्ला पहले चल गया और गेंद अंदरूनी किनारा लेकर लेग स्टम्प से जा भिड़ी।
पिछले दिनों फॉर्म में लौट चुके विराट कोहली से टीम को बड़ी उम्मीदें थीं। हालांकि वह क्रीज पर आने के साथ ही थोड़े असहज दिख रहे थे। कोहली ने पांच गेंदें खेलीं, लेकिन उनमें विश्वास नहीं झलक रहा था। अंततः ताइजुल इस्लाम की स्पिन पर वह चकमा खा गए। बैकफुट पर खेलने गए विराट कोहली के पैड पर गेंद स्टम्प के सामने लगी और अंपायर ने उन्हें आउट देने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई। कोहली ने डीआरएस लिया, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ।