बर्मिंघम। भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। शनिवार को सेमीफाइनल में उसने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हरा दिया।
भारत को पहले क्वार्टर में चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले पर चारों को दक्षिण अफ्रीकी रक्षापंक्ति ने बचा लिया। दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में दक्षिण अफ्रीका को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन पाठक ने बेहतरीन बचाव किया। चौथे मिनट में फिर एक पेनाल्टी कॉर्नर अफ्रीका को मिला। यह भी बेकार हो गया। इसके बाद भारतीय टीम ने जोरदार आक्रमण कर दिया। अभिषेक ने पांचवें मिनट में रिवर्स हिट से मैदानी गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर के 13वें मिनट में मनदीप ने मैदानी गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी। हाफ टाइम तक भारत 2-0 की बढ़त के साथ अच्छी स्थिति में पहुंच गया था।
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने रेफरल लिया, लेकिन यह रिजेक्ट हो गया। भारतीयों ने रणनीति बदली थी, लेकिन गोल नहीं कर सके। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने आक्रमण करते हुए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। इसपर गोल तो नहीं हुआ, लेकिन एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिल गया। इसपर दक्षिण अफ्रीका ने गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। पहला शॉट श्रीजेश ने रोक लिया, लेकिन रीबाउंड पर लगा शॉट वह नहीं रोक पाए। तीसरे हाफ के नवें मिनट में दक्षिण अफ्रीका ने फिर पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन श्रीजेश ने इसे खूबसूरती से बचा लिया। एक मिनट बाद ही फिर पेनाल्टी कर्नर दक्षिण अफ्रीका को मिला और यह भी बेकार गया।
तीसरे क्वार्टर के 11वें मिनट में भारत ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन जरमनप्रीत गोल नहीं दाग सके। इसके तुरंत बाद भारत को झटका लगा, जब कप्तान मनप्रीत को फाउल करने के कारण पीला कार्ड दिखाकर दो मिनट के लिए मैदान से बाहर कर दिया गया। तीसरे क्वार्टर के बाद 2-1 स्कोर रहा।
अंतिम क्वार्टर के चार मिनट पहले दक्षिण अफ्रीकी गोलकीपर को बाहर कर दिया गया। खेल खत्म होने से करीब ढाई मिनट पहले भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। बिना गोलकीपर के दक्षिण अफ्रीका इस गोल को बचा नहीं सका और जुगराज सिंह ने बेहतरीन ड्रैग फ्लिक करके भारत को 3-2 की बढ़त दिला दी। दक्षिण अफ्रीका ने तुरंत इसका बदला लिया और अंतिम समय में गोल दागकर स्कोर 2-3 कर लिया। हालांकि अंतिम हूटर बजते ही भारतीयों के चेहरे खिल उठे।