लंदन। चलने-फिरने में असमर्थता के कारण ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगी। ये खेल 28 जुलाई से आठ अगस्त तक एलेक्जेंडर स्टेडियम में होंगे। महारानी के स्थान पर उनके पुत्र प्रिंस चार्ल्स उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
96 वर्ष की महारानी एलिजाबेथ अपने महल से ही खेलों के लिए संदेश देंगी। राष्ट्रमंडल खेलों में 72 देशों के पांच हजार से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। पैरों में दिक्कत के कारण महारानी हाल में कई आयोजनों से दूर रह चुकी हैं। उनकी जगह प्रिंस चार्ल्स और उनके बेटे प्रिंस विलियम ने संसद सत्र के आरंभ के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। प्रिंस चार्ल्स विदेशों में भी कुछ आयोजनों में महारानी के स्थान पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।