बर्मिंघम। शुरुआती बढ़त लेने और तीसरे क्वार्टर तक बड़ी जीत की स्थिति में रहने के बावजूद भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम क्वार्टर में खराब प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेल के अपने दूसरे हॉकी मैच में 4-4 से बराबरी का मैच खेला। मनदीप सिंह और ललित उपाध्याय के गोलों से भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ मैच में दूसरे क्वार्टर तक 3-0 की बढ़त बना ली। पहला हाफ (दो क्वार्टर) खत्म होने तक भारत 3-0 की बढ़त पर रहा।
भारत को मैच के तीसरे ही मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला। भारतीय खिलाड़ी का शॉट ब्रिटिश गोलकीपर के पैड से लड़कर लौटा और गोल के पास खड़े ललित ने बैक फ्लिक करते हुए गेंद को गोल में डाल दिया। इसके कुछ ही देर बाद इंग्लैंड को भी पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सका।
पहले क्वार्टर में भारतीय टीम काफी अच्छा खेली। हालांकि इस क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह को ग्रीन कार्ड की वजह से कुछ देर मैदान से बाहर बैठना पड़ा, लेकिन इससे खेल पर खास असर नहीं पड़ा। पहले क्वार्टर के खत्म होने से दो मिनट पहले इंग्लैंड ने भारतीय खेमे में धावा बोला, लेकिन गोलकीपर श्रीजेश ने शानदार बचाव किया और इसके बाद भारतीय खिलाड़ी फुर्ती से गेंद लेकर अंग्रेज पाले में घुस गए। वहां डी के अंदर मंदीप ने गेंद ली और रिवर्स स्वीप करते हुए शानदार गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी।
दूसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में भारत को एक झटका लगा, जब फाउल करने पर वरुण कुमार को पीला कार्ड दिखाया गया। इससे उन्हें पांच मिनट के लिए बाहर जाना पड़ा। मैच के 22वें मिनट में भारतीयों ने फिर आक्रमण किया और मनदीप ने अंग्रेज रक्षकों को छकाते हुए एक और गोल दागकर बढ़त 3-0 कर दी।
तीसरे क्वार्टर में श्रीजेश को आराम देकर कृष्णा पाठक को बतौर गोलकीपर उतारा गया। मनदीप को भी आराम दिया गया। उनकी जगह आकाशदीप मैदान पर उतरे। इंग्लैंड को 40वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने इसे बेकार कर दिया। आखिरकार 41वें मिनट में इंग्लैंड ने फील्ड गोल करके गोल अंतर 1-3 कर लिया। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने इस पर रेफरल लिया, लेकिन इसे नकार दिया गया। वरुण को एक बार फिर फाउल करने पर पीला कार्ड दिखाया गया। उन्हें पांच मिनट के लिए बाहर जाना पड़ा।
चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत ने गोल कर 4-1 की बढ़त ली, लेकिन तुरंत ही इंग्लैंडने गोल दागकर स्कोर 2-4 कर दिया। इंग्लैंड को 49वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन यह बेकार गया। इसके बाद इंग्लैंड ने हमले तेज कर दिये। 50वें मिनट में फिर फील्ड गोल करके स्कोर 3-4 कर दिया। 51 मिनट में गुरजंत को फाउल करने पर यलो कार्ड दिखाकर 10 मिनट के लिए बाहर कर दिया गया। 52वें मिनट में इंग्लैंड को फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि इसपर गोल नहीं हो सका। 53वें मिनट में इंग्लैंड ने फिर फील्ड गोल दागकर 4-4 की बराबरी हासिल कर ली। 57वें मिनट में इंग्लैंड ने फिर पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। हालांकि यह भी बेकार गया। अंतिम सीटी बजने तक स्कोर 4-4 से बराबर रहा।