नई दिल्ली। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों से चोट के कारण बाहर होने के बाद भावुक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल में अपने खिताब की रक्षा नहीं कर पाने का मुझे काफी दुख है।
मंगलवार को यह खबर आई कि नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके बाद नीरज ने ट्विटर पर बताया कि कि उन्हें कब और कैसे चोट लगी। उन्होंने बर्मिंघम खेलों से बाहर होने की बात भी लिखी थी।
अमेरिका के यूजीन में इसी माह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में रजत पदक जीतने वाले 24 साल के नीरज अपने चौथे थ्रो के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। वहां इसके परीक्षण के बाद पता चला कि यह चोट जल्दी ठीक नहीं होगी।
नीरज ने कहा कि अपने सपोर्ट स्टाफ के अलावा इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों से चर्चा में यही तय हुआ कि मेरा राष्ट्रमंडल खेलों से अलग होना ही ठीक होगा। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए काफी निराशाजनक है। मुझे इस बात का भी अफसोस रहेगा कि मैं इन खेलों में भारतीय दल के ध्वजवाहक की जिम्मेदारी से भी वंचित हो गया।