बर्मिंघम। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में गुरुवार को वेल्स को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम अपने पूल मं 10 अंकों के साथ शीर्ष पर रही।
भारत ने वेल्स के खिलाफ काफी तेज शुरुआत की। हालांकि गोल करने के कई अवसरों का खिलाड़ी फायदा नहीं उठा सके। हालांकि हरमनप्रीत पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में हरमन ने फिर पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए एक और गोल दागा। इसके बाद पेनाल्टी कॉर्नर पर वेल्स के खिलाड़ी के गलत तरीके से गेंद रोकने पर भारत को पेनाल्टी स्ट्रोक मिल गया। हरमनप्रीत ने इसपर गोल दागते हुए हैटट्रिक पूरी की। हरमनप्रीत सिंह की यह इन खेलों में दूसरी हैटट्रिक रही।
भारत ने वेल्स के अलावा घाना और कनाडा को पराजित किया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसका मैच ड्रॉ रहा था। वेल्स के खिलाड़ियों ने भारतीय खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देने की कोशिश की और पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किए, लेकिन इनमें से उसके खिलाड़ी एक ही पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर सके।