गाजीपुर। इंडोनेशिया के जकार्ता में हाल में हुई एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम के तीन सदस्यों का तीन जून को यहां जोरदार स्वागत किया जाएगा। ये तीनों खिलाड़ी मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम से जुड़े राजकुमार पाल, पवन राजभर और उत्तम सिंह हैं।

इन तीनों खिलाड़ियों के सम्मान में सुबह नौ बजे सिधौना बाजार से रोड-शो होगा। यह रोड-शो औड़िहार, सैदपुर, हसनपुर डगरा, जोगाबीर बाबा, उचौरी बाजार होते हुए लगभग 11 बजे करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम पहुंचेगा। यहां स्टेडियम के प्रबंधक और गाजीपुर के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। ये तीनों खिलाड़ी 10 साल की उम्र से मेघबरन स्टेडियम में हॉकी का ककहरा सीख रहे हैं। स्टेडियम के संस्थापक स्व. तेज बहादुर सिंह का इनपर विशेष आशीर्वाद रहा।
एशिया कप में 28 मई को सुपर लीग का पहला मैच भारत व जापान के बीच खेला गया। जिसमे भारत ने 2-0 से जापान को हराया था। इसमे दूसरा गोल पवन राजभर ने किया था। सुपर लीग का दूसरा मैच भारत और मलेशिया के बीच खेला गया जिसमें दूसरा गोल का पास राजकुमार पाल ने किया। तीसरा गोल पवन के पास पर सुनील ने किया। अपने शानदार प्रदर्शन से पवन राजभर ने इस मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। तीसरा सुपर लीग मैच भारत बनाम कोरिया के बीच खेला गया जिसमें पहला एवम दूसरा गोल उत्तम सिंह की मदद से नीलम ने दगा। और मैच बराबरी पर खतम हुआ। कांस्य पदक का मैच भारत और जापान के बीच खेला गया जिसमें राजकुमार के अकेले गोल से भारत ने जापान को 1-0 से हराया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के चलते उत्तम सिंह को राइजिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।