लखनऊ। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद (दद्दा) की स्मृतियों को सहेजने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी पहल की है। झांसी में स्मार्ट सिटी के तहत दद्दा के नाम से एक संग्रहालय बनाया जाएगा, जिसमें उनसे जुड़ी स्मृतियां सहेजी जाएंगी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक इस संग्रहालय के निर्माण पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें कई हिस्से होंगे, जहां दद्दा की अलग-अलग वस्तुओं को प्रदर्शित किया जायेगा। कुछ ऐसी रोचक घटनाओं की जानकारी भी होगी, जो दद्दा के जीवन से जुड़ी हैं। सूत्रों के मुताबिक दद्दा के पुत्र ओलंपियन अशोक ध्यानचंद को इस परियोजना में विशेषज्ञ के तौर पर शामिल किया जा रहा है।
झांसी दद्दा की कर्मस्थली रही है, इसी कारण यह संग्रहालय झांसी में बनाया जा रहा है। इसे इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है कि विदेश से आने वाले पर्यटकों और खेल प्रेमियों को इसकी ओर आकर्षित किया जा सके। समझा जाता है कि यह संग्रहालय इस साल नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें दद्दा के बचपन से लेकर सेना में नौकरी करने, ओलंपिक में खेले गए हॉकी मैच की यादें होंगी। इन्हें वीडियो और डिजिटल माध्यम से भी लोगों को दिखाया जायेगा। ऐसी व्यवस्थी की जा रही है।
फोटो- सौजन्य गूगल