वाराणसी
वाराणसी। बीएचयू के कला संकाय के डॉ. राधाकृष्णन सभागार में आयोजित यूथोत्सव कलांजलि के अंतिम दिन गुरुवार को विभिन्न स्पर्धाओं में जीत दर्ज करने वाली मेधाओं को पुरस्कृत किया गया। समापन के दौरान पेंटिंग और कविता का सौंदर्य संदर्भ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
दृश्य कला संकाय के छात्र सलाहकार डॉ. महेश सिंह ने कहा कि सृजन की दृष्टि विशाल होनी चाहिए। प्रतिष्ठित कवि और हिन्दी विभाग के डॉ. रामाज्ञा शशिधर ने कहा कि जब शब्द और रंग एक धरातल पर आते हैं तब महान कला का सृजन होता है। पेंटिंग विभाग की डॉ. उत्तमा दीक्षित और कला-इतिहास विभाग की डॉ. कनुप्रिया ने भी विचार रखे।
चार दिन तक आयोजित प्रतियोगिताओं में अंग्रेजी काव्य लेखन में कला संकाय की विदुषी राय अव्वल रहीं। महिला महाविद्यालय की मुस्कान अग्रवाल और सामाजिक विज्ञान संकाय के सूर्यांश मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे। तीसरा पुरस्कार कला संकाय की शिवांगी पांडेय को मिला। हिंदी काव्य लेखन में कला संकाय के मोहम्मद उमर प्रथम स्थान पर रहे। सारिका पांडेय द्वितीय और रामामानुज राय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। पेंटिंग प्रतियोगिता में कला संकाय के अमरजीत कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कला संकाय की मीनाक्षी कुमारी और वीकेएम की मृणालिनी सिंह क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में विषय के पक्ष में सोनिया कुमारी को प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं, इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के श्रेयस सिंह दूसरे स्थान पर रहे। हिंदी वाद-विवाद ( विपक्ष) में इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के उत्कर्ष गौर प्रथम स्थान पर और कला संकाय के विष्णुकांत द्वितीय स्थान पर रहे। अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में विषय के पक्ष में फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस के सूर्यांश मिश्रा प्रथम रहे। एमपीजी की मेघा चक्रवर्ती और विधि संकाय के ऋषभ ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस की आकांक्षा तिवारी प्रथम और एमएमवी बीएचयू की आकृति तिवारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।