वाराणसी। बीएचयू में अगले सत्र से खेल गतिविधियां पूरे जोर शोर से शुरू होंगी। इसके लिए संकायों को मैदान आवंटित किए गए हैं, जहां संबंधित संकायों के छात्र-छात्राएं अभ्यास कर सकेंगे और प्रशिक्षण ले सकेंगे।
बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए व्यापक योजना बनाई है। उनका यह मानना है कि खेल गतिविधियों में माग लेकर ही छात्रों का सम्पूर्ण विकास हो सकता है तथा विश्वविद्यालय परिसर में खेल का समुचित वातावरण निर्मित कर छात्र-छात्राओं के अन्दर आपसी सहयोग एवं साहचर्य के भावनाओं का निर्माण किया जा सकता है | प्रो. जैन ने कहा कि सभी खेल मैदानो को बाहरी तत्वों से यथाशीघ्र मुक्त किया जायगा तथा छात्रावास एवं नगर निकाय में रहने वाले छात्रों का आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में छात्रावासों से निकलकर खेल मैदानों में शैक्षणिक गतिविधियों के अतिरिक्त समय में सुबह एवं सायं समय व्यतीत करें|
इस वृहद कार्य योजना के अंतर्गत अधिसंख्य खेल प्रतिभाग (मास स्पोर्ट्स पार्टिसिपेशन) सुनिश्चत करने के लिए छात्रावासों के सम्मुख विभिन्न सस्थानों/संकायों के खेल मैदानों का पुनः आवंटन किया गया है। रुइया छात्रावास के सम्मुख चिकित्सा विज्ञान संस्थान के क्रीड़ा मैदान को संस्थान के साथ-साथ प्राच्य विज्ञान धर्म विज्ञान संकाय को आवंटित किया गया है | बिड़ला छात्रावास के सामने का खेल मैदान कला संकाय, सामाजिक विज्ञान संकाय, दृश्य कला संकाय एवं मंच कला संकाय को आवंटित किया गया है | ब्रोचा छात्रावास के समक्ष खेल मैदान का आवंटन विज्ञान संस्थान, प्रबंध विज्ञान संस्थान एवं पर्वयावरणीय एवं धारणीय विकास संस्थान के छात्र-छात्राओं के नियमित खेल अभ्यास के लिए आवंटित किया गया है | छात्र स्वास्थ्य केंद्र के पीछे के मैदान का आवंटन कृषि विज्ञान संस्थान, विधि संकाय एवं वाणिज्य संकाय के छात्रों के खेल अभ्यास के लिए किया गया है | इसके साथ ही महिला महाविद्यालय परिसर में भी समुचित खेल सुविधाओं का विकास का छात्राओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए अभिप्रेरित किया जाएगा | जबकि शिक्षा संकाय एवं राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के छात्र-छात्रों हेतु खेल सुविधायों का विकास उनके परिसर में ही किया जाएगा |
इस कार्ययोजना के अंतर्गत प्रत्येक संस्थन, संकाय, महाविद्यालय को प्रारंभिक चरण में आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी | कुलपति प्रो. जैन ने उपलब्ध खेल मैदानों का छात्रों के लिए उपलब्सध कराना सुनिश्चित करने का संकाय प्रमुखों निदेशकों एवं प्राचार्यों को निर्देश दिया है | विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. दिनेश चन्द्र राय एवं महासचिव प्रो. अभिमन्यु सिंह ने कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में खेलों के समुचित विकास हेतु लिए गये इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया तथा छात्र-छात्राओं को आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में सुबह एवं सायं के सत्र में खेल गतिविधियों में भाग लें |