वाराणसी। बीएचयू के पुरा छात्र और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, नई दिल्ली में विज्ञान और इंजीनियरिंग अनुसंधान बोर्ड के सचिव प्रो. संदीप वर्मा ने कहा है कि विज्ञान से जुड़े लेख प्रायः हर भारतीय भाषा में प्रकाशित कराए जाएं, जिससे इनका लाभ सामान्यजन को मिल सके।
बीएचयू से प्रकाशित पत्रिका विज्ञान गंगा के 12वें अंक का शुक्रवार को लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि और चिकित्सा संबंधी उपयोगी जानकारियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आज हमारे समाज को विज्ञान के जरिए मौलिक जानकारियां दी जा सकती हैं। इसके लिए लोगों में विज्ञान के प्रति लोकप्रियता जगानी होगी। इसके लिए विज्ञानियों को आगे आना होगा। विज्ञान गंगा सलाहकार मंडल की सदस्य और विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. मधूलिका अग्रवाल ने कहा कि संस्थान के सभी आचार्य इसमें सहयोग करें। हिन्दी प्रकाशन समिति के समन्वयक प्रो. जगत कुमार राय ने स्वागत किया।
पत्रिकाके संपादक डॉ. दयाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि इस अंक में 44 वैज्ञानिक शोध, कविताएं, समाचार, रिपोर्ट, पुस्तक समीक्षा और समिति के महत्वपूर्ण प्रकाशनों की जानकारी है। पत्रिका का प्रकाशन हिन्दी प्रकाशन समिति, बीएचयू और वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संयुक्त रूप से किया गया है। कार्यक्रम में प्रो. मायाशंकर सिंह, प्रो. एनके दुबे, प्रो. राजीव भाटला, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. चंद्रशेखर, अशोक शर्मा, शार्दूल चौबे मौजूद रहे।