वाराणसी। बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने प्रो. उषा रानी तिवारी को कला संकाय के तहत नवसृजित संग्रहालय विज्ञान विभाग की प्रथम विभागाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रो. उषा रानी तिवारी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से अगले तीन वर्ष की अवधि अथवा उनकी अधिवर्षिता की तिथि, जो भी पहले हो, तक के लिए की गई है।

प्रो. तिवारी ने वर्ष 2003 में बतौर लेक्चरर, विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग, में सेवा आरम्भ की थी। वह वर्ष 2010 में प्रोफेसर बनीं। उनकी शिक्षा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से ही हुई है। प्रो. उषा रानी तिवारी ने स्नातक, परास्नातक तथा पीएचडी की उपाधि विद्यालय से अर्जित की है। उन्होंने संग्रहालय विज्ञान तथा प्राचीन भारतीय इतिहास, दो विषयों में बीएचयू से एमए की डिग्री हासिल की है। वह परास्नातक में स्वर्ण पदक विजेता भी रही हैं। बीएचयू से पहले प्रो. उषा रानी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से वर्ष 1995 में व्याख्याता पद पर चयनित हुईं व अध्यापन किया।
प्रो. उषा रानी तिवारी संग्रहालय विज्ञान की जानी मानी विद्वान हैं। इस विषय पर उनके 50 से अधिक कार्य राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय शोध पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके है। वह संग्रहालय विज्ञान पर अनेक राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं की सदस्य व पदाधिकारी हैं, इनमें भारतीय संग्रहालय परिषद्, अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय परिषद तथा भारतीय संग्रहालय संस्था, प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वे संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, तथा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार, की विभिन्न समितियों से भी जुड़ी हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 11 पीएचडी अवार्ड हो चुकी है।