वाराणसी। बीएचयू के पुरा छात्र और पालो आल्टो नेटवर्क्स के सीईओ निकेश अरोड़ा विश्वविद्यालय के 102वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विश्व की अग्रणी बिज़नेस हस्तियों में शुमार निकेश ने इसके लिए सहमति दे दी है। विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 10 दिसम्बर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया जाएगा।
निकेश अरोड़ा ने आईटी-बीएचयू से इलेक्ट्रिकल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री (1985-1989) हासिल की थी। निकेश अरोड़ा सॉफ्टबैंक के अध्यक्ष व सीओओ भी रह चुके हैं। इससे पहले उन्होंने गूगल में भी महत्वपूर्ण पद संभाला था। वह जून 2018 से पालो आल्टो नेटवर्क्स के साथ जुड़े हैं। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सान्टा क्लारा में कंपनी का मुख्यालय है। यह कम्पनी साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली विश्व की अग्रणी कंपनियों में शामिल है।
वैश्विक महामारी कोविड19 के कारण तकरीबन तीन वर्ष के पश्चात विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह का आयोजन कर रहा है। विश्विद्यालय का 101वां दीक्षांत समारोह दिसम्बर 2019 में हुआ था। इस वर्ष दीक्षांत समारोह के मुख्य कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2019-20, 2020-21 and 2021-22 के लिए बीएचयू स्वर्ण पदक प्रदान किये जाएंगे। इन सत्रों के लिए डिग्री का वितरण मुख्य समारोह के समापन के पश्चात संबंधित संकायों व संस्थानों द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में कुलसचिव (शिक्षण) कार्यालय द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।