वाराणसी। पृथ्वी दिवस के मौके पर शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की बीएचयू इकाई की ओर से परिसर में नीम का पौधा रोपा गया।
रासेयो के कार्यालय भवन में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के स्वयंसेवकों ने पहले से लगे पौधों और पेड़ों में जल देकर उन्हें सींचा। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. बाला लखेंद्र ने स्वयंसेवकों को अधिक से अधिक पौधे रोपने के लिए प्रेरित किया। सामाजिक विज्ञान संकाय में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनीता सिंह के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। आर्य महिला पीजी कॉलेज में रासेयो की इकाई की स्वयंसेविकाओं ने प्राचार्य प्रो. रचना दुबे के नेतृत्व में पौधों और वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर “अपनी मां पृथ्वी और हमारा दायित्व ” विषय पर भाषण प्रतियोगिता भी हुई। इसमें इशिता बागची प्रथम, मेघा चक्रवर्ती तथा सोनी द्वितीय और शिवानी चौरसिया को तृतीय पुरस्कार मिला। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम जायसवाल, डॉ. गरिमा गुप्ता, डॉ. विनीता, डॉ. अन्नपूर्णा दीक्षित, डॉ. अनीता सिंह ने स्वयंसेवकों को पेड़ों के संरक्षण का संकल्प दिलाया।