वाराणसी। बेंगलुरु में आयोजित खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल में पदक जीतने वाले बीएचयू के खिलाड़ियों को शुक्रवार को एक समारोह में सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी डॉ. अभय कुमार सिंह ने कहा कि परिसर में खेलों के लिए उन्नत सुविधाएं देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ये पदक विजेता हमारे ब्रांड एंबेसडर के रूप मे अन्य खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करने में सक्षम होंगे।
यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के हॉल में आयोजित समारोह में कला संकाय के डीन प्रो. विजय बहादुर सिंह, विधि संकाय के डीन प्रो. अलीमचंडी और सामाजिक विज्ञान के संकाय प्रमुख प्रो. अरविंद जोशी विशिष्ट अतिथि रहे। कुश्ती में 70 किलोग्राम भारवर्ग के स्वर्ण पदक विजेता शुभम किशोर यादव को पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपये दिए गए। स्टीपल चेज़ की रजत पदक विजेता कुमारी रेबी पाल को 7,500, कराटे (काटा) टीम के स्वर्ण पदक विजेता श्री गौरांग तिवारी, ध्रुव कुमार पाडे और प्रमोद कुमार कुशवाहा प्रत्येक को 5,000 रुपये दिए गए। टीम मैनेजर डॉ. राजीव कुमार सिंह और खेलो इंडिया के टीम मैनेजर श्री प्रमोद कुमार ने भी सम्मानित किया।
स्पोर्ट्स बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रो. दिनेश चंद्र राय ने अतिथियों का स्वागत किया। महासचिव प्रो. अभिमन्यु सिंह ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय के खेल को अगले स्तर पर ले जाएगा और विश्वविद्यालय में खेल वातावरण का निर्माण करेगा। विश्वविद्यालय खेल बोर्ड के सचिव डॉ. खुर्शीद अहमद एवं डॉ. धीरेंद्र तिवारी, डॉ. कविता वर्मा, डॉ. प्रदीप खलखो, श्री रॉबिन कुमार सिंह, सुश्री प्रियंका यादव, डॉ. हरिराम यादव, विश्वविद्यालय खेल परिषद् के सभी सहायक निदेशक उपस्थित थे। डॉ. कविता वर्मा ने एंकरिंग ऑफ व्हील प्रोग्राम किया।